
ब्यावरा। अपना नगर मुख्य मार्ग पर कुछ युवकों की गतिविधियों से परेशान क्षेत्रवासियों ने पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है. उन्होंने थाना प्रभारी सिटी ब्यावरा को आवेदन देकर स्थायी पुलिस चौकी और नियमित गश्त शुरू कराने की मांग की. आवेदन में कहा गया है कि कुछ युवक तेज आवाज वाले मॉडिफाइड साइलेंसर लगी मोटरसाइकिल और बुलेट लेकर मार्ग पर घूमते हैं. साइलेंसर से पटाखों जैसी आवाज निकलती है, जिससे आसपास रहने वाले लोगों और राहगीरों को परेशानी होती है. कुछ लोग निजी वाहनों में हूटर लगाकर बजाते हैं. क्षेत्रवासियों ने बताया कि कुछ युवक मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार से वाहन चलाते और शोर-शराबा करते हैं. इस रास्ते से महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग नियमित रूप से आते-जाते हैं. उन्होंने शाम और रात में निगरानी बढ़ाने, मॉडिफाइड साइलेंसर और अवैध हूटर लगे वाहनों पर कार्रवाई करने तथा हुड़दंग करने वालों के खिलाफ कानूनी कदम उठाने की मांग की है. इसके बाद शाम को यातायात पुलिस ने करीब 4 बाईक सवारों के विरूद्ध कार्यवाही की जो कि तेज गति से हॉर्न बजाकर वाहन वहां से लेकर निकल रहे थे.
