सतना: बीते कुछ दिनों से विंध्य क्षेत्र भीषण गर्मी की चपेट में गुजर रहा है . हालात इतने गंभीर हो गए कि 22 मई को मौसम विभाग ने पूर्वी मध्यप्रदेश के कई हिस्सों के साथ सतना क्षेत्र के लिए रेड वार्निंग जारी की थी और अब सतना सहित मध्यप्रदेश के कई जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. मौसम विभाग के अनुसार बीते कुछ दिनों में सतना में अधिकतम तापमान 46 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किया गया.
सुबह 9 बजे के बाद ही गर्म हवाओं का असर दिखने लगता है और दोपहर के समय हालात और ज्यादा गंभीर हो जाते हैं मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि उत्तर-पश्चिम दिशा से आ रही गर्म और शुष्क हवाओं के कारण पूरे प्रदेश में तापमान तेजी से बढ़ा है. इसी वजह से सतना, रीवा, पन्ना, छतरपुर, टीकमगढ़, निवाड़ी, दतिया और सागर समेत कई जिलों में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है.
दरअसल तापमान में लगातार बढ़ोतरी और लू की तीव्रता बढ़ने के बाद मौसम विभाग ने पहले रेड वार्निंग और फिर कई जिलों के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया . मौसम विभाग का कहना है कि अगले तीन से पांच दिनों तक भीषण गर्मी और लू से राहत मिलने की संभावना कम दिखाई दे रही है .गौरतलब है कि मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट सामान्य चेतावनी से ज्यादा गंभीर माना जाता है .इसका मतलब होता है कि मौसम की स्थिति लोगों के स्वास्थ्य पर असर डाल सकती है और विशेष सतर्कता बरतने की जरूरत है.
इस दौरान हीट स्ट्रोक, डिहाइड्रेशन, चक्कर और कमजोरी जैसी समस्याओं का खतरा काफी बढ़ जाता है. स्वास्थ्य विभाग ने लोगों को दोपहर 12 बजे से 3 बजे तक अनावश्यक रूप से बाहर न निकलने की सलाह दी है.गर्मी का असर सबसे ज्यादा यात्रियों , डिलीवरी बॉय, ऑटो चालक, मजदूर वर्ग पर देखने को मिल रहा है डॉक्टरों का कहना है कि लगातार तेज धूप में रहने से शरीर में पानी की कमी तेजी से बढ़ती है. बच्चों और बुजुर्गों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है. लोगों को अधिक पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और सिर ढंककर बाहर निकलने की सलाह दी गई है.
