अल्प बारिश से गहराया जल संकट, कालीसिंध नदी और तालाबों से सिंचाई पर रोक

सोनकच्छ। अल्प वर्षा के चलते सोनकच्छ उपखंड में जल संकट गहराने लगा है। क्षेत्र की कालीसिंध नदी सहित करीब 21 तालाबों में पानी की भारी कमी के बीच प्रशासन ने जल संरक्षण को लेकर सख्त कदम उठाया है। तालाबों का जलस्तर निम्न जल भराव स्तर यानी डेड स्टोरेज से भी नीचे पहुंचने के कारण इन्हें ग्रामीणों और मवेशियों के उपयोग के लिए आरक्षित किया गया है। इसी के मद्देनजर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोनकच्छ ने तालाबों से सिंचाई के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन जारी नहीं करने और अवैध रूप से सिंचाई करने वाले किसानों के पंपों के बिजली कनेक्शन तत्काल काटने के निर्देश दिए हैं।

जल संसाधन संभाग देवास के कार्यपालन यंत्री द्वारा भेजे गए पत्र के आधार पर एसडीएम ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश जारी किए हैं। आदेश में तहसीलदार सोनकच्छ, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत सोनकच्छ, मुख्य नगर पालिका अधिकारी सोनकच्छ तथा विद्युत विभाग के संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि तालाबों से सिंचाई के लिए अस्थाई विद्युत कनेक्शन आवंटित नहीं किए जाएं। इसके साथ ही तालाबों से अवैध रूप से पानी लेकर सिंचाई करने वाले किसानों के पंपों के विद्युत कनेक्शन तत्काल काटने की कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। एसडीएम ने संबंधित विभागों को अवैध सिंचाई पर रोक लगाने के साथ की गई कार्रवाई की रिपोर्ट कार्यालय में प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए हैं।

पेयजल और मवेशियों के लिए पानी बचाने की कवायद-

गौरतलब है कि इस वर्ष कम बारिश के कारण सोनकच्छ क्षेत्र में जलस्रोतों की स्थिति चिंताजनक बनी हुई है। कालीसिंध नदी और क्षेत्र के करीब 21 तालाबों में पानी की कमी के चलते आगामी महीनों में पेयजल संकट गहराने की आशंका है। यदि तालाबों से सिंचाई के लिए लगातार पानी निकाला जाता रहा, तो ग्रामीणों और मवेशियों के लिए पेयजल की समस्या और गंभीर हो सकती है। इसी संभावित संकट को देखते हुए प्रशासन ने तालाबों के पानी का उपयोग प्राथमिकता से ग्रामीणों और मवेशियों की जरूरतों के लिए सुरक्षित रखने का निर्णय लिया है। अब संबंधित विभागों की जिम्मेदारी होगी कि आदेश का पालन सुनिश्चित कर अवैध सिंचाई पर प्रभावी रोक लगाएं, ताकि उपलब्ध जल का संरक्षण किया जा सके।

Next Post

राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम में गरबा-डांडिया महोत्सव की धूम

Sun Oct 18 , 2026
सिंगरौली । राधा कृष्ण फाउंडेशन सिंगरौली के तत्वाधान में राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम बैढ़न में आयोजित सिंगरौली गरबा एवं जगराता महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां जगदंबे की विधिवत पूजा-अर्चना में राज्यमंत्री राधा सिंह तथा सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह मुख्य अतिथि के उपस्थिति में […]

You May Like