
सिंगरौली । राधा कृष्ण फाउंडेशन सिंगरौली के तत्वाधान में राजमाता चूनकुमारी स्टेडियम बैढ़न में आयोजित सिंगरौली गरबा एवं जगराता महोत्सव श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां जगदंबे की विधिवत पूजा-अर्चना में राज्यमंत्री राधा सिंह तथा सिंगरौली विधायक रामनिवास शाह मुख्य अतिथि के उपस्थिति में आयोजित हुआ। साथ ही गरबा एवं डांडिया की मनमोहक प्रस्तुतियों ने दर्शकों का मन मोह लिया। पारंपरिक परिधानों में मातृशक्ति, युवतियों और बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर भारतीय संस्कृति की झलक दिखाई।
मां दुर्गा की धार्मिक झांकियां और भक्ति संगीत आकर्षण का केंद्र रहे। श्रद्धालुओं की मौजूदगी से पूरा स्टेडियम भक्तिमय नजर आया। आयोजकों के अनुसार महोत्सव का उद्देश्य सनातन संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और सामाजिक एकता को मजबूत करना तथा नई पीढ़ी को भारतीय संस्कारों से जोड़ना रहा। आयोजन की सफलता में पुलिस एवं जिला प्रशासन, सहयोगियों, प्रायोजकों, मीडिया प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों और कार्यकर्ताओं का योगदान रहा। राधा कृष्ण फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. सुरेंद्र कुमार सोनी ने अतिथियों, श्रद्धालुओं, शहरवासियों और आयोजन में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन संस्कृति और सामाजिक एकता को सशक्त बनाते हैं।
