मुंबई, 17 जनवरी (वार्ता) निजी क्षेत्र के एचडीएफसी बैंक को चालू वित्त वर्ष की तीसरी तिमाही (अक्टूबर-दिसंबर 2025) में एकल आधार पर 18,654 करोड़ रुपये का शुद्ध लाभ हुआ है जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 11.5 प्रतिशत अधिक है।
एचडीएफसी बैंक ने शनिवार को वित्तीय परिणामों की घोषणा की। उसने बताया कि तिमाही के दौरान उसका कुल राजस्व 90,005 करोड़ रुपये रहा। इसमें ब्याज से प्राप्त आय 76,751 करोड़ रुपये रही। वहीं, बैंक ने 44,136 करोड़ रुपये का ब्याज अपने ग्राहकों को दिया।
इस प्रकार दिये गये ब्याज को छोड़कर बैंक का शुद्ध राजस्व 8.9 प्रतिशत बढ़कर 458.7 अरब रुपये और ब्याज से प्राप्त शुद्ध आय 6.4 प्रतिशत की वृद्धि के साथ 326.2 अरब रुपये रही।
बैंक ने तिमाही के दौरान 28.4 अरब रुपये का प्रावधान किया है।
तिमाही के दौरान बैंक के पास औसत जमा 27,524 अरब रुपये रहा जो पिछले वित्त वर्ष की समान तिमाही के मुकाबले 12.2 प्रतिशत अधिक है। बैंक के चालू खाता बचत खाता में औसत जमा 9.9 प्रतिशत बढ़कर 8,984 अरब रुपये रहा।
बैंक द्वारा दिया गया ऋण 31 दिसंबर 2025 को 28,446 अरब रुपये रहा जो एक साल पहले के मुकाबले 11.9 प्रतिशत अधिक है। इसमें खुदरा ऋण में 6.9 प्रतिशत, छोटी और मझौली इकाइयों को दिये गये ऋण में 17.2 प्रतिशत और कॉरपोरेट तथा अन्य बड़े ऋण में 10.3 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
गैर-निष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) के मामले में भी बैंक का बैलेंसशीट बेहतर हुआ है। सकल एनपीए अनुपात एक साल पहले के 1.42 प्रतिशत से घटकर 31 मार्च 2025 को 1.24 प्रतिशत रह गया। शुद्ध एनपीए भी 0.46 फीसदी से कम होकर 0.42 फीसदी रह गया।
