उज्जैन: आगामी सिंहस्थ 2028 की तैयारियों के तहत कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ उज्जैन और आसपास के रेलवे स्टेशनों का निरीक्षण किया. निरीक्षण के दौरान श्रद्धालुओं के आवागमन को सरल और सुविधाजनक बनाने हेतु विभिन्न योजनाओं पर चर्चा की गई.
कलेक्टर ने चिंतामण गणेश स्टेशन पर अतिरिक्त प्लेटफॉर्म विस्तार, पिंगलेश्वर स्टेशन से कनेक्टिविटी रोड निर्माण, व पंवासा फ्लैग स्टेशन तक सर्विस रोड के निर्माण जैसे विकास कार्यों की समीक्षा की. उन्होंने हर स्टेशन पर पर्याप्त होल्डिंग एरिया बनाने और आगमन-निर्गमन मार्ग अलग रखने के निर्देश दिए. श्रद्धालुओं को स्टेशन से सीधे मेला क्षेत्र व साधु-संतों के कैंपों तक पहुँचाने की व्यवस्था भी सुनिश्चित की जाएगी.
नईखेड़ी स्टेशन पर प्लेटफॉर्म विस्तार, अलग एंट्री-एग्जिट और एप्रोच रोड का विकास प्रस्तावित है. इसके अलावा, मोहनपुरा रेलवे क्रॉसिंग और अन्य स्थानों पर आरओबी और सर्विस लेन के निर्माण की योजना भी शामिल है. निरीक्षण में प्रशासन, नगर निगम और रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे.
