महाकाल दर्शन पर अभिनेत्री नुसरत भरूचा के खिलाफ फतवा

भूपेन्द्र भूतड़ा/प्रमोद व्यास उज्जैन।प्रसिद्ध बॉलीवुड अभिनेत्री नुसरत भरूचा के उज्जैन स्थित विश्व प्रसिद्ध ज्योतिर्लिंग महाकालेश्वर मंदिर में दर्शन करने के बाद देशभर में धार्मिक स्वतंत्रता और एकता को लेकर नई बहस छिड़ गई है। अभिनेत्री द्वारा प्रातःकालीन भस्म आरती में शामिल होकर भगवान महाकाल के दर्शन किए जाने पर उनके खिलाफ मुस्लिम समाज के एक वर्ग की ओर से फतवा जारी किया गया है।
नुसरत भरूचा 30 दिसम्बर 25 मंगलवार सुबह महाकालेश्वर मंदिर पहुंचीं, जहां उन्होंने विधिवत भस्म आरती में भाग लिया और जल अर्पित कर भगवान महाकाल से आशीर्वाद लिया। दर्शन के उपरांत महाकालेश्वर मंदिर प्रबंध समिति की ओर से उनका स्वागत व सत्कार किया गया। मंदिर समिति के प्रतिनिधि शिवकांत पांडे द्वारा उन्हें प्रसाद भेंट किया गया।
शरीयत के खिलाफ बताया
इधर अभिनेत्री के इस धार्मिक आचरण को लेकर आल इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रिज़वी बरेलवी ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने बयान जारी कर कहा कि नुसरत भरूचा द्वारा महाकाल मंदिर में पूजा-अर्चना करना, जल चढ़ाना और धार्मिक परंपराओं का पालन करना इस्लामिक शरीयत के खिलाफ है। मौलाना ने अभिनेत्री को शरीयत की नजर में गुनहगार बताते हुए तौबा करने और कलमा पढ़ने की बात कही है।
अलग-अलग प्रतिक्रियाएं
फतवा जारी होने के बाद यह मामला सोशल मीडिया और सार्वजनिक मंचों पर चर्चा का विषय बन गया है। अलग-अलग वर्गों से इस पर तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कई लोगों का कहना है कि भारत का संविधान प्रत्येक नागरिक को अपने विश्वास के अनुसार पूजा-पाठ और धार्मिक स्थलों पर जाने की स्वतंत्रता देता है। ऐसे में किसी व्यक्ति द्वारा दूसरे धर्म के स्थल पर दर्शन करने को लेकर फतवा जारी करना देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता की भावना के विपरीत है।
व्यक्तिगत आस्था का विषय
वहीं कुछ लोग इसे व्यक्तिगत आस्था का विषय बताते हुए कहते हैं कि किसी भी कलाकार या नागरिक को अपने विश्वास और श्रद्धा व्यक्त करने का पूरा अधिकार है। उनका तर्क है कि धार्मिक स्थलों के दर्शन को धर्म परिवर्तन या आस्था विरोधी कृत्य के रूप में देखना सामाजिक सौहार्द को नुकसान पहुंचाता है।
अभिनेत्री ने नहीं दिया अब तक बयान
नुसरत भरूचा के महाकाल दर्शन के बाद उपजे इस विवाद ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि जब देश में सभी धर्मों के सम्मान और सह-अस्तित्व की बात की जाती है, तो फिर इस प्रकार के फतवे और बयान क्यों सामने आते हैं। फिलहाल अभिनेत्री की ओर से इस पूरे मामले पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।

Next Post

तेज गेंदबाज़ी सलाहकार के तौर पर श्रीलंका के साथ जुड़े मलिंगा

Tue Dec 30 , 2025
कोलंबो, 30 दिसंबर (वार्ता) श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को तेज गेंदबाज़ी सलाहकार के तौर पर टीम में शामिल किया है। मलिंगा 15 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक के लिये ही टीम के साथ काम करेंगे। एसएलसी ने मंगलवार को इसकी घोषणा की। बयान […]

You May Like