तेज गेंदबाज़ी सलाहकार के तौर पर श्रीलंका के साथ जुड़े मलिंगा

कोलंबो, 30 दिसंबर (वार्ता) श्रीलंका क्रिकेट (एसएलसी) ने पूर्व तेज गेंदबाज लसिथ मलिंगा को तेज गेंदबाज़ी सलाहकार के तौर पर टीम में शामिल किया है। मलिंगा 15 दिसंबर 2025 से 25 जनवरी 2026 तक के लिये ही टीम के साथ काम करेंगे। एसएलसी ने मंगलवार को इसकी घोषणा की।

बयान में कहा गया कि मलिंगा राष्ट्रीय टीम के तेज गेंदबाज़ों के साथ काम करेंगे ताकि उन्हें फरवरी में शुरू होने वाले टी20 विश्व कप के लिए तैयार किया जा सके। श्रीलंका इस बार भारत के साथ मिलकर टी20 विश्व कप की मेजबानी कर रहा है। इसने इससे पहले 2012 में इस टूर्नामेंट की मेजबानी की थी।

सीमित ओवर क्रिकेट में अपनी पीढ़ी के बेहतरीन गेंदबाज़ों में से एक मलिंगा ने अपने अंतरराष्ट्रीय करियर में 500 से ज़्यादा विकेट लिए हैं। उन्होंने 2014 में बंगलादेश में श्रीलंका को एकमात्र टी20 विश्व कप जिताया था। वह इंडियन प्रीमियर लीग में मुंबई इंडियंस को कई खिताब जिताने में भी अहम भूमिका निभा चुके हैं।

एसएलसी ने एक बयान में कहा, “श्रीलंका क्रिकेट का लक्ष्य मलिंगा के विशाल अंतरराष्ट्रीय अनुभव और डेथ बॉलिंग में उनकी विशेषज्ञता का फ़ायदा उठाना है, ताकि आने वाले विश्व कप के लिए श्रीलंका की तैयारियों को मजबूत किया जा सके।”

आईसीसी टी20 विश्व कप की शुरुआत सात फ़रवरी को होगी। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला पाकिस्तान और नीदरलैंड के बीच खेला जायेगा। श्रीलंका अपने अभियान की शुरुआत आठ फरवरी को आयरलैंड के खिलाफ करेगा। श्रीलंका के ग्रुप में ऑस्ट्रेलिया, ज़िम्बाब्वे और ओमान भी हैं।

 

 

 

Next Post

भारतीय भाषाएं जोड़ने का काम करती हैं : प्रो चौबे

Tue Dec 30 , 2025
सतना/चित्रकूट। महात्मा गांधी चित्रकूट ग्रामोदय विश्वविद्यालय में भारतीय भाषा समिति, भारत सरकार, शिक्षा मंत्रालय, नई दिल्ली द्वारा प्रायोजित एक दिवसीय भारतीय भाषा परिवार व्याख्यान एवं परिचर्चा संपन्न हुई। इस अवसर पर ग्रामोदय विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो आलोक चौबे ने कहा कि भारतीय भाषाएं आम आदमी की समझ विकसित करती है, […]

You May Like