बेहतर पुलिसिंग पर फोकस, कमिश्नर ने ली थाना प्रभारियों की बैठक

इंदौर। शहर में कानून-व्यवस्था को मजबूत करने और अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से पुलिस कमिश्नर ने शनिवार को पुलिस अधिकारियों व थाना प्रभारियों की कार्य समीक्षा बैठक ली. बैठक में स्पष्ट किया कि पुलिसिंग का फोकस अब केवल घटनाओं के बाद की कार्रवाई तक सीमित न रहे, बल्कि अपराध होने से पहले रोकथाम पर केंद्रित होना चाहिए.

पुलिस मुख्यालय के सभागार में आयोजित इस बैठक में वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में वर्ष 2025 के अब तक दर्ज अपराधों की ज़ोनवार समीक्षा की गई. जिसमें गंभीर अपराध, माइनर अपराध, प्रतिबंधात्मक कार्रवाई, विवेचना की प्रगति, न्यायालयीन प्रकरण, यातायात प्रबंधन, रात्रि चेकिंग, ड्रोन पेट्रोलिंग और सामुदायिक पुलिसिंग की स्थिति पर विस्तार से चर्चा हुई. बैठक में थाना क्षेत्रों में बीट और माइक्रो बीट सिस्टम को पूरी तरह सक्रिय करने और उनकी सतत निगरानी के निर्देश दिए गए. बीट स्टाफ और डायल 112 में तैनात पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी तय कर नियमित मॉनिटरिंग करने को कहा. आदतन अपराधियों, बदमाशों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ लगातार बाउंड ओवर और प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए. इस दौरान पुलिस कमिश्नर ने कहा कि ऐसे तत्वों पर लगातार नजर रखी जाए ताकि अपराध की संभावनाओं को पहले ही रोका जा सके. पुलिस और नागरिकों के बीच बेहतर समन्वय के लिए सामुदायिक पुलिसिंग को और व्यापक बनाने के निर्देश दिए. मोहल्ला समितियों के साथ नियमित बैठकें कर आमजन की भागीदारी बढ़ाने और उनके सुझावों पर अमल करने की बात भी बैठक में कही गई.

चाइनीज मांझे पर सख्ती और जागरूकता दोनों

चाइनीज और प्रतिबंधित मांझे के खिलाफ सख्त कार्रवाई के साथ-साथ जनजागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए, जिसमें साफ कहा गया कि इस मुद्दे पर किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी.

लंबित प्रकरण और न्यायालयीन मामलों की मॉनिटरिंग

लंबित और गंभीर मामलों के शीघ्र निराकरण को प्राथमिकता देने, न्यायालयों में चल रहे प्रकरणों की नियमित समीक्षा करने और विवेचना की गुणवत्ता बेहतर करने के निर्देश दिए, वहीं ई साक्ष्य, ई-विवेचना, ई समंस और ई-वारंट जैसे डिजिटल टूल्स के प्रभावी उपयोग पर भी जोर दिया.

रात्रि चेकिंग और ड्रोन पेट्रोलिंग होगी और प्रभावी

रात के समय प्रभावी चेकिंग के लिए थाना प्रभारियों को स्वयं मौके पर मौजूद रहने के निर्देश दिए और हॉट स्पॉट और शैडो एरिया पर ड्रोन पेट्रोलिंग के जरिए निगरानी को और मजबूत करने की बात कही गई.

जनसुनवाई और सीएम हेल्पलाइन पर संवेदनशीलता जरूरी

थानों और कार्यालयों में शिकायत लेकर आने वाले नागरिकों की समस्याएं संवेदनशीलता से सुनने और त्वरित निराकरण करने के निर्देश दिए गए. सीएम हेल्पलाइन और जनसुनवाई से जुड़ी शिकायतों का भी समयसीमा में समाधान करने पर जोर दिया.

Next Post

महदेईया गांव के शासकीय भूमि पर बने पॉच मकानों पर चला बुल्डोजर

Sat Dec 13 , 2025
सिंगरौली। जिले के मोरवा थाना के गोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम महदेईया में आज दिन शनिवार को राजस्व एवं पुलिस ने संयुक्त रूप से शासकीय भूमि पर बने 5 मकानों को बुल्डोजर से जमीदोज करा दिया गया। कुल करीब साढ़े तीन एकड़ जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई। बताया जा रहा […]

You May Like