
सिंगरौली। जिले के मोरवा थाना के गोरबी चौकी अंतर्गत ग्राम महदेईया में आज दिन शनिवार को राजस्व एवं पुलिस ने संयुक्त रूप से शासकीय भूमि पर बने 5 मकानों को बुल्डोजर से जमीदोज करा दिया गया। कुल करीब साढ़े तीन एकड़ जमीन अतिक्रमण से मुक्त कराई गई।
बताया जा रहा है कि यह सभी मकान शासकीय भूमि पर बने थे, जबकि यह जमीन महावीर कोल वाशरी को आवंटित की गई थी। इसके बावजूद कुछ स्थानीय लोगों ने बिना अनुमति के इस पर घर बनाकर कब्जा कर लिया था। आज दिन शनिवार की सुबह जिला प्रशासन की तरफ दुधमनिया तहसीलदार दीपेंद्र सिंह तिवारी, मोरवा निरीक्षक उमेश प्रताप सिंह एवं गोरबी चौकी प्रभारी रुद्र प्रताप सिंह बल के साथ पहुंचे। वहीं जेसीबी मशीन का उपयोग कर शासकीय जमीन पर बने रामलल्लू पिता बाबूलाल, श्यामसुंदर एवं रामनिरंजन पिता जग्गनाथ व देवकुमार पिता हरिशंकर के अवैध मकानों को ढहा दिया गया। वहीं स्थिति को देख धर्मराज पिता रामदुलारे ने स्वयं ही अपना अवैध अतिक्रमण तोड़ना शुरू कर दिया। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध भी जताया। उनका तर्क था कि उनके पास रहने के लिए कोई अन्य स्थान नहीं है और वे वर्षों से यहीं रह रहे हैं। इस पर तहसीलदार दीपेंद्र तिवारी ने स्पष्ट किया कि सभी अतिक्रमण कारियों को एक महीने पहले ही नोटिस जारी किए गए थे, लेकिन उन्होंने कब्जा नहीं हटाया। जहां आज बुल्डोजर के माध्यम से अतिक्रमण हटाया गया।
इनका कहना:-
महदेईयां के शासकीय भूमि में कुछ मकान बने थे, बेदखली की कार्रवाई की गई थी, जून महीने में ही हटाना था, बारिश के चलते कार्रवाई रोक दी गई थी। आज शासकीय भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराया गया।
दीपेन्द्र सिंह तिवारी
तहसीलदार, दुधमनिया
