भेरूघाट पर यात्रियों से भरी बस और कार की आमने-सामने टक्कर, दोनों वाहन खाई में गिरे; 3 की मौत, 11 घायल

इंदौर:सिमरोल के भेरूघाट पर सोमवार रात करीब 9.40 बजे एक भीषण सड़क हादसा हो गया. ओंकारेश्वर से इंदौर लौट रही यात्रियों से भरी बस ने सामने से आ रही कार को टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहन अनियंत्रित होकर करीब 100 फीट गहरी खाई में जा गिरे. हादसे में दो महिलाओं सहित तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 यात्री घायल हो गए, इनमें दो यात्री गंभीर रुप से घायल है. इनमें से आठ को इंदौर के एमवाय अस्पताल और तीन को महू सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया है. करीब 30 यात्रियों को रेस्क्यू कर सुरक्षित निकाला गया. बताया जा रहा हैं, इनमें से एक व्यक्ति का हाथ मौके पर ही कट गया गया, जिसके चलते उसकी हालत गंभीर बनी हुई है. हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई.

सिमरोल थाना प्रभारी अमित कुमार ने बताया कि सूचना मिलते ही सिमरोल पुलिस, प्रशासनिक अमला और राहत दल घटनास्थल पर पहुंचे. अंधेरा और पहाड़ी इलाका होने के कारण रेस्क्यू में काफी मशक्कत करनी पड़ी. स्थानीय लोगों की मदद से बस के शीशे तोड़कर घायलों को बाहर निकाला. मौके पर 12 एंबुलेंस तैनात की गईं और क्रेन की मदद से बस को खाई से बाहर निकालने का प्रयास देर रात तक जारी रहा. एक यात्री ने पुलिस को बताया बस का ड्राइवर और उसके साथी नशे में लग रहे है. हमने रास्ते में ही विरोध किया था, लेकिन किसी ने बात नहीं सुनी. घाट पर बस तेज रफ्तार में थी और सामने से आ रही कार से टकराते ही दोनों वाहन गहराई में जा गिरे.

एडिशनल एसपी रूपेश द्विवेदी ने बताया कि हादसे में दो महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि एक अन्य ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. मृतकों में न्यू गौरी नगर निवासी अनीता भी शामिल हैं, जिनके पति की कुछ साल पहले ट्रेन हादसे में मौत हुई थी. वहीं कलेक्टर शिवम वर्मा ने एसडीएम को तत्काल मौके पर भेजकर राहत कार्यों की मॉनिटरिंग कराई. उन्होंने सभी घायलों को तत्काल इलाज के लिए इंदौर रेफर करवाया और घटना की जांच के आदेश जारी किए हैं. इसके बाद एमवाय में भर्ती घायलों से मिलने भी पहुंचे.
घायलों में यूपी, महाराष्ट्र और गुजरात के यात्री भी
घायलों में 47 वर्षीय चिंतेश पिता मंगल, 32 वर्षीय सरला पति विजय, 17 वर्षीय प्रियांशु पिता संजय निवासी सूरत, 40 वर्षीय नवल किशोर पिता शत्रुघन निवासी मैनपुरी, यूपी, 13 वर्षीय कबीर पिता विजय निवासी पुणे, 25 वर्षीय नेहा 25 पिता सर्वेश निवासी मैनपुरी, यूपी, 35 वर्षीय सुमित 35 पिता सोमनाथ झागरे निवासी शनि सिंगनापुर, महाराष्ट्र, 31 वर्षीय सोनाली पति सुभाष मोहिते निवासी पुणे, 29 वर्षीय विजय पिता सुभाष पाटिल निवासी पुणे और 35 वर्षीय अजहर 35 पिता महमूद जूना रिसाला शामिल हैं. खबर लिखे जाने तक राहत एवं बचाव अभियान जारी है

Next Post

बंगलादेश में 24 घंटों में डेंगू के 1,147 नए मामले दर्ज

Tue Nov 4 , 2025
ढाका, 04 नवम्बर (वार्ता/शिन्हुआ) बंगलादेश में पिछले 24 घंटों में डेंगू के 1,147 नए मामले सामने आए हैं और पांच नई मौतें हुई हैं। यह जानकारी स्वास्थ्य मंत्रालय ने सोमवार को दी। आंकड़ों के अनुसार, नवंबर में अब तक डेंगू के 2,960 मामले दर्ज किए गए जिससे इस वर्ष अब […]

You May Like