जनगणना में साईकल, बाईक व कार की भी देना होगी जानकारी

सीहोर। सीहोर में जनगणना 2027 की तैयारियां शुरू हो गई हैं. कलेक्टर बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला जनगणना समन्वय समिति की बैठक आयोजित की गई. इस जनगणना का कार्य दो चरणों में पूरा किया जाएगा और यह पूरी प्रक्रिया डिजिटल होगी.

जनगणना का पहला चरण, जिसमें मकान सूचीकरण का कार्य शामिल है, 1 मई से 30 मई तक चलेगा. दूसरा चरण फरवरी 2027 में संपन्न होगा. इस बार जनगणना में स्व-गणना पोर्टल और मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा संकलित किया जाएगा. सीहोर जिले की जनगणना प्रभारी यशस्वी ने प्रक्रिया की जानकारी दी. उन्होंने बताया कि नागरिक 16 अप्रैल से 30 अप्रैल तक स्व-गणना पोर्टल पर अपनी जानकारी स्वयं भर सकेंगे। जनगणना अधिकारियों द्वारा मकान सूचीकरण के दौरान नागरिकों से 33 महत्वपूर्ण बिंदुओं पर जानकारी एकत्र की जाएगी.

इन बिंदुओं में भवन नंबर, जनगणना मकान नंबर, मकान की दीवार, छत और फर्श में प्रयुक्त सामग्री, तथा मकान के उपयोग और स्थिति से संबंधित जानकारी शामिल है. इसके अतिरिक्त, परिवार में रहने वाले सदस्यों की संख्या, परिवार के मुखिया का नाम, लिंग और सामाजिक वर्ग (अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य) का विवरण भी दर्ज किया जाएगा. पेयजल का मुख्य स्रोत, प्रकाश का स्रोत, शौचालय की उपलब्धता और उसका प्रकार, गंदे पानी की निकासी, घर में स्नानघर, एलपीजी/पीएनजी कनेक्शन, टेलीविजन, रेडियो, इंटरनेट सुविधा, कंप्यूटर और मोबाइल स्मार्टफोन जैसी सुविधाओं की जानकारी भी ली जाएगी।परिवार के पास साइकिल, स्कूटर, मोटरसाइकिल, मोपेड, कार, जीप या वैन जैसे वाहनों की जानकारी भी शामिल है। साथ ही, परिवार द्वारा उपयोग किए जाने वाले मुख्य खाद्यान्न, विवाहित दंपत्तियों की संख्या, परिवार के मुखिया का व्यवसाय और मकान के स्वामित्व की स्थिति से जुड़ी जानकारी भी जनगणना में दर्ज की जाएगी. राजपत्र में स्पष्ट किया गया है कि जनगणना अधिनियम 1948 के तहत एकत्र की गई सभी व्यक्तिगत जानकारियां पूरी तरह गोपनीय रहेंगी.

 

 

Next Post

परीक्षा पूर्व विद्यार्थियों को मिली शैक्षिक सामग्री

Thu Feb 12 , 2026
सीहोर। शासकीय माध्यमिक शाला कोडिय़ाछीतू में आगामी वार्षिक परीक्षा के सफल संचालन एवं विद्यार्थियों की बेहतर तैयारी को ध्यान में रखते परीक्षा पूर्व पेन, कॉपी एवं अन्य आवश्यक शैक्षिक सामग्री का वितरण किया गया.शाला प्रभारी संजय सक्सेना ने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए परीक्षा पर विस्तृत चर्चा की. अन्य […]

You May Like