बैतूल जिला अस्पताल से युवती के अपहरण का मामला, होश में आने पर दर्ज कराया बयान; आरोपी की तलाश जारी

सारनी। बैतूल जिला अस्पताल से कथित रूप से अगवा की गई एक युवती के होश में आने के बाद पुलिस ने उसके बयान के आधार पर आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है.

जानकारी के अनुसार, सारनी निवासी युवती अपनी बीमार मां की देखभाल के लिए 1 जुलाई से जिला अस्पताल में मौजूद थी. उसकी मां लकवा और अन्य गंभीर बीमारी से पीड़ित होने के कारण भर्ती थीं. बताया गया कि 5 जुलाई की शाम करीब 7 बजे युवती अपनी मां के लिए दूध लेने अस्पताल परिसर से बाहर गई, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटी. इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की और कोतवाली थाना बैतूल में शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने अस्पताल के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिनमें युवती को अस्पताल की पार्किंग में काम करने वाले एक युवक के साथ मोटरसाइकिल पर जाते हुए देखा गया. इसके आधार पर पुलिस ने आरोपी भूपेंद्र के संभावित ठिकानों पर दबिश दी, हालांकि वह फरार मिला.

अगले दिन सुबह युवती अस्पताल पहुंची, जहां वह अचेत अवस्था में मिली. होश में आने के बाद उसने कोतवाली थाने पहुंचकर घटना की जानकारी दी. पुलिस ने उसके बयान के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल परिसर में असामाजिक तत्व मरीजों के परिजनों, विशेषकर महिलाओं और युवतियों को निशाना बनाते हैं. मामले में पुलिस का कहना है कि आरोपी की तलाश जारी है और सभी पहलुओं की जांच की जा रही है.

Next Post

पटवारी के फर्जी AI पोस्टर पर बवाल: कांग्रेस ने साइबर सेल में की FIR की मांग

Tue Jul 7 , 2026
भोपाल। मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के खिलाफ कथित रूप से एआई (आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) की मदद से तैयार किए गए फर्जी सोशल मीडिया पोस्टर के मामले में तत्काल एफआईआर दर्ज करने की मांग की है। इस संबंध में मंगलवार को कांग्रेस के प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस […]

You May Like