माखननगर। समिति द्वारा तौलाई की धीमी गति एवं सर्वेयर की तय नियमों से अधिक सख्ती के चलते किसानों ने नर्मदापुरम पिपरिया मार्ग को जाम कर दिया। किसानों का आरोप था कि जिस गति से तौलाई की जा रही है उस गति से तो बड़े किसान अपनी पूरी उपज तुला ही नहीं पाएगी और शासन की खरीदी डेट निकल जाएगी। वहीं सर्वेयर द्वारा ज्यादा सख्ती के चलते तीन बार पंखा लगने के उपरांत भी उपज को अमान्य किया जा रहा है। वहीं कहीं तो पहले पास की गई उपज को तुलाई के दौरान कैंसिल किया जा रहा है।
अधिकारियों के आश्वाशन पर खुला जाम – किसान संघ के संभाग प्रचार प्रमुख उदय पांडे ने बताया कि कृषि उप संचालक जे आर हेड़ाऊ, डी एम ओ संजय यादव, वेयर हाउसिंग कॉरपोरेशन के जिला अधिकारी वासुदेव दिवंदे, डी आर शिवम मिश्रा ने आश्वाशन दिया कि तीन की जगह सात कांटों से तुलाई की जाएगी, पंखा लगना अनिवार्य नहीं है खराब दिखने वाली उपज में पंखा लगाया जाएगा। जो उपज तीन पंखे लगने के उपरांत भी मान्य नहीं की गई तो तहसीलदार एवं कृषि विस्तार अधिकारी की उपस्थिति में पंचनामा बनाकर किसान की उपस्थिति में रिजेक्ट किया जाएगा। जो उपज शुक्रवार को वेयर हाउस परिसर के अंदर है तो उस उपज के शाम तक नहीं तुलने की स्थिति में सर्वेयर द्वारा जांच कर किसान को टोकन दिए जाएंगे जिससे किसान की उपज शनिवार को तुल सके।
