
सीधी । निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी, विधानसभा क्षेत्र-82 धौहनी ने बताया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा घोषित विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम के अंतर्गत 28 अक्टूबर 2025 से मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य जारी है तथा अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 07 फरवरी 2026 को किया जाएगा। आयोग के निर्देश अनुसार बीएलओ को नियत समय-सीमा में कार्य पूर्ण कराने हेतु मतदान केन्द्रवार शासकीय सेवकों की ड्यूटी लगाई गई है तथा एसआईआर कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने बताया कि 16 नवम्बर 2025 को क्षेत्र भ्रमण के दौरान कई आंगनवाड़ी कार्यकर्ता-ठोगा की माधवी तिवारी, वंदना शुक्ला; धुआँडोल की गीता गुप्ता; जोवा की विमलेश पाण्डेय; सिरौला की कीर्ति तिवारी; बोदारीटोला की श्यामवती सिंह एवं अमेढिया की नीलिमा शुक्लाकृअपने-अपने केंद्रों से अनुपस्थित पाई गईं। साथ ही संबंधित बीएलओ को इन कार्यकर्ताओं द्वारा सहयोग न किए जाने की जानकारी भी प्राप्त हुई।यह स्थिति निर्वाचक नामावली जैसे महत्वपूर्ण कार्य में गंभीर असहयोग एवं कर्तव्य पालन में लापरवाही को दर्शाती है, जो लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1950 की धारा 32 के अंतर्गत दण्डनीय है।निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी ने परियोजना अधिकारी, महिला एवं बाल विकास, जनपद पंचायत मझौली को निर्देशित किया है कि अनुपस्थित एवं असहयोगी आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं को अवगत कर अवैतनिक किया जाए। साथ ही सभी कार्यकर्ताओं को चेतावनी जारी कर निर्देशित किया गया है कि वे 17 नवम्बर 2025 से अपने क्षेत्र के बीएलओ को मतदाता सूची के एसआईआर कार्य में आवश्यक सहयोग प्रदान करें, अन्यथा उनके विरुद्ध कठोर दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।
