इंदौर: हरियाली महोत्सव के अवसर पर तेजाजीनगर थाने में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इस मौके पर पुलिस आयुक्त ने खुद उपस्थित होकर पौधरोपण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया.पुलिस आयुक्त संतोष कुमार सिंह द्वारा द्वारा आईएसओ प्रमाण पत्र प्राप्त तेजाजी नगर थाने का निरीक्षण भी किया. निरीक्षण के दौरान उन्होंने थाने के रखरखाव, रिकॉर्ड संधारण, शस्त्रागार, हवालात, आगंतुक सहायता, संसाधनों की उपलब्धता और आपराधिक मामलों से संबंधित व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया.
इस दौरान उन्होंने थाना स्टाफ से संवाद कर उनकी कार्यप्रणाली और अनुशासित व्यवहार की सराहना की. इस दौरान पुलिस आयुक्त ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी निष्ठा, कुशलता और जनसंतोष की भावना से करें. साथ ही थाना आने वाले नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए आगंतुक प्रविष्टि के लिए क्यूआर कोड स्कैन सुविधा की शुरुआत भी की.
यह सुविधा आगंतुकों की सुविधा के साथ-साथ पारदर्शिता सुनिश्चित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है. कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित सिंह, पुलिस उपायुक्त जोन-1 विनोद कुमार मीणा, अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त आलोक शर्मा और सहायक पुलिस अधीक्षक अनुभाग आजादनगर रविन्द्र बिलवाल सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहे
