छिंदवाड़ा: पूर्व सांसद नकुलनाथ ईमलीखेड़ा हवाई पट्टी पहुंचे, जहां कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और आमजन ने उनका जोरदार स्वागत किया। मीडिया से चर्चा के दौरान उन्होंने कहा कि खाद की कमी केवल छिंदवाड़ा ही नहीं, पूरे प्रदेश की समस्या है। किसानों में गहरा आक्रोश है और यह आंदोलन केवल किसान बचाओ नहीं, बल्कि वोट बचाओ, प्रदेश बचाओ और देश बचाओ की लड़ाई है।
उन्होंने बताया कि आज 20 अगस्त को जेल बगीचा मैदान में होने वाले किसान बचाओ आंदोलन में किसानों, महिलाओं, युवाओं, आदिवासियों और भाजपा सरकार की नीतियों से प्रताड़ित हर वर्ग की आवाज उठेगी। नकुलनाथ ने कहा कि भाजपा की दमनकारी नीतियों से आमजन में भय और शोषण का माहौल है, जिसे समाप्त करने के लिए कांग्रेस प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर नकुलनाथ जिला अस्पताल भी पहुंचे और खाद लेने के दौरान घायल हुई महिला किसान से मुलाकात कर उसका हालचाल जाना। उन्होंने भरोसा दिलाया कि कांग्रेस किसानों और समाज के हर वर्ग के हक-अधिकार की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष विश्वनाथ ओकटे ने जानकारी दी कि आज जेल बगीचा मैदान पर होने वाले आंदोलन का नेतृत्व नकुलनाथ करेंगे। इसमें प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार, पूर्व मंत्री विजय लक्ष्मी साधो और ओमकार मरकाम सहित कई दिग्गज नेता शामिल होंगे। कांग्रेस ने किसानों, महिलाओं, युवाओं और आमजन से बड़ी संख्या में शामिल होकर आंदोलन को सफल बनाने की अपील की है।
