आस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में सड़क दुर्घटनाओं में तीन की मौत, तीन घायल

सिडनी, 06 जून (वार्ता) ऑस्ट्रेलिया के राज्य न्यू साउथ वेल्स (एनएसडब्ल्यू) में कुछ ही घंटों के भीतर हुई अलग-अलग सड़क दुर्घटनाओं में एक किशोर सहित तीन लोगों की मौत हो गयी है।

एनएसडब्लू में पुलिस ने कहा कि गुरुवार को स्थानीय समय रात आठ बजे के कुछ देर बाद दक्षिण-पश्चिम सिडनी के उपनगर ग्रीनएकर में एक ट्रक और एक हैचबैक कार की टक्कर में 16 वर्षीय लड़के की मौत हो गयी और तीन अन्य लोग घायल हो गये।

घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं को बुलाया गया, जहां हैचबैक में सवार 16 वर्षीय लड़के को मृत घोषित कर दिया गया। दुर्घटना में दूसरे यात्री, एक अन्य लड़के और हैचबैक की महिला चालक की हालत गंभीर है और अस्पताल ले जाने से पहले एम्बुलेंस में पैरामेडिक्स ने भी उनका उपचार किया ।

हैचबैक में सवार तीसरे पुरुष यात्री को स्थिर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि ट्रक के चालक को जरूरी चिकित्सीय परीक्षण के लिए अस्पताल ले जाया गया।

इससे पहले गुरुवार रात को मध्य सिडनी से 50 किलोमीटर पश्चिम में पेनरिथ में एक वाहन की चपेट में आने से 40 वर्ष आयु की एक महिला पैदल यात्री की मौत हो गयी।

पुलिस के एक बयान में बताया गया कि दुर्घटना के बाद चालक मौके से फरार होने में कामयाब रहा।

तीसरी दुर्घटना में गुरुवार रात करीब 10 बजे दक्षिणी न्यू साउथ वेल्स के हेंटी शहर के पास एक वाहन के पेड़ से टकरा जाने से 20 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गयी। पुलिस ने तीनों ही दुर्घटनास्थलों की घेराबंदी कर इसके कारणों की जांच शुरू कर दी है।

इस बीच, न्यू साउथ वेल्स पुलिस के मुताबिक मंगलवार को उत्तरी सिडनी में पैदल चलते समय एक वाहन की चपेट में आए 85 वर्षीय एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गयी है।

Next Post

इजरायल ने बेरूत के कई इलाकों में किये हवाई हमले

Fri Jun 6 , 2025
बेरूत/यरूशलम, 06 जून (वार्ता) इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह की सैन्य ढांचे पर हमला करने की चेतावनी के बाद बेरूत के दक्षिणी उपनगरों के कई इलाकों में इमारतों पर हवाई हमले किये हैं। आधिकारिक लेबनानी राष्ट्रीय समाचार एजेंसी (एनएनए) ने बताया कि कल रात बेरूत के दक्षिणी उपनगर में कम से […]

You May Like