बेरूत/यरूशलम, 06 जून (वार्ता) इजरायली सेना ने हिजबुल्लाह की सैन्य ढांचे पर हमला करने की चेतावनी के बाद बेरूत के दक्षिणी उपनगरों के कई इलाकों में इमारतों पर हवाई हमले किये हैं।
आधिकारिक लेबनानी राष्ट्रीय समाचार एजेंसी (एनएनए) ने बताया कि कल रात बेरूत के दक्षिणी उपनगर में कम से कम तीन मिसाइलें दागी गयीं।
इजरायली सेना ने एक बयान में कहा कि वह बेरूत में दहिएह में हिजबुल्लाह की हवाई इकाई के ठिकानों पर हमला कर रही है।
इससे पहले शाम को इजरायली सेना के प्रवक्ता अविचाय एड्राई ने ‘एक्स’ पर चेतावनी दी कि इजरायल बेरूत के दक्षिणी उपनगरों में इमारतों पर हमला करने वाला है,इसलिये वहां के निवासियों से इमारत को खाली करना ज़रूरी है।
एजेंसी ने बताया कि लेबनान के राष्ट्रपति जोसेफ औन और प्रधानमंत्री नवफ सलाम ने इजरायली हवाई हमलों की कड़ी निंदा की है।
गौरतलब है कि नवंबर 2024 में हिजबुल्लाह और इजरायल के बीच युद्ध विराम समझौते पर पहुंचने के बाद से बेरूत के दक्षिणी उपनगरों पर यह पाँचवाँ हमला है।
समझौते के बावजूद इजरायली सेना लेबनान में कभी-कभार हमले करती रहती है। इजरायल का दावा है कि हमले का उद्देश्य हिजबुल्लाह के ठिकानों को ख़त्म करना है।
