खेल राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम : राज्यपाल

पंतनगर, 23 फरवरी (वार्ता) देश के प्रसिद्ध गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय में सोमवार को राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल (अप्रा) गुरमीत सिंह ने राज्य विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता का शुभारंभ करते हुए कहा कि हमारी मूल भावना राष्ट्र सर्वोपरि की है। खेल केवल पदक जीतने का नहीं बल्कि राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम हैं। मैदान में जो अनुशासन, समर्पण और टीम भावना विकसित होती है वही आगे चलकर राष्ट्र प्रथम की चेतना को सुदृढ़ करती है। जब कोई खिलाड़ी मैदान में उतरता है तो वह केवल स्वयं का नहीं बल्कि अपने राज्य और अपने राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करता है।
उन्होंने कहा राज्य में खेल मैदानों, स्पोर्ट्स अकादमियों और प्रशिक्षण सुविधाओं को सुदृढ़ करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। विश्वविद्यालय स्तर पर ऐसे आयोजन खिलाड़ियों को मंच प्रदान करते हैं, जहाँ उनकी प्रतिभा निखरती है और उन्हें आगे बढ़ने का अवसर मिलता है।

महामहिम ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 ने स्पष्ट रूप से यह संदेश दिया है कि खेल और सह-पाठ्य गतिविधियों को मुख्यधारा में स्थान देकर विद्यार्थियों के सर्वांगीण व्यक्तित्व को विकसित किया जाए। यह महोत्सव उसी भावना का सशक्त उदाहरण है। उन्होंने कहा कि “फिट युवा, सशक्त भारत” का संकल्प तभी साकार होगा जब हमारे विश्वविद्यालय खेलों को प्राथमिकता देंगे। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया जैसे अभियानों ने देश में जनभागीदारी से खेल संस्कृति को नई दिशा दी है। महामहिम ने कहा याद रखिए आज का खिलाड़ी कल का नेतृत्वकर्ता है। आपका परिश्रम, अनुशासन और आपका संकल्प—विकसित भारत 2047 की आधारशिला है। जब युवा सशक्त होगा, तभी राष्ट्र सशक्त होगा; जब राष्ट्र सशक्त होगा, तभी विश्व में भारत की प्रतिष्ठा और ऊँची होगी।
महामहिम ने 800 मीटर रेस के पुरुष और महिला वर्ग के विजेताओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान किए। 800 मीटर रेस पुरुष वर्ग में एस एस जे अल्मोड़ा के अंकित नाथ प्रथम, श्रीदेव सुमन टिहरी गढ़वाल के आसिफ द्वितीय, एसएस जे अल्मोड़ा के ललित सिंह तृतीय स्थान पर रहे जबकि महिला वर्ग 800 मी0 रेस में कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल की नीतू प्रथम, संस्कृति विवि हरिद्वार की चांदनी द्वितीय एवं एसएसजे अल्मोड़ा की शीतल भट्ट तृतीय स्थान पर रही।

अंत में विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ मनमोहन सिंह चौहान ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए सभी खिलाड़ियों से खेल भावना तथा अनुशासन से खेलने का आहवान किया। उन्होंने कहा कि इस अंतर राज्य विश्वविद्यालय खेल प्रतियोगिता में 10 विश्वविद्यालयो के लगभग 722 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं। इस अवसर पर कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो0 डी एस रावत, अल्मोड़ा विश्वविद्यालय के डॉ सतपाल सिंह बिष्ट समेत अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

Next Post

खेलो इंडिया विंटर गेम्स का शुभारंभ, गुलमर्ग बना राष्ट्रीय खेल उत्सव का केंद्र

Mon Feb 23 , 2026
श्रीनगर, 23 फरवरी (वार्ता) केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को गुलमर्ग में 6वें खेलो इंडिया विंटर गेम्स का विधिवत उद्घाटन किया। देश के प्रमुख शीतकालीन खेल केंद्र गुलमर्ग में आयोजित चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 1,000 खिलाड़ी और […]

You May Like