श्रीनगर, 23 फरवरी (वार्ता) केंद्रशासित प्रदेश जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने सोमवार को गुलमर्ग में 6वें खेलो इंडिया विंटर गेम्स का विधिवत उद्घाटन किया। देश के प्रमुख शीतकालीन खेल केंद्र गुलमर्ग में आयोजित चार दिवसीय इस प्रतियोगिता में विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों से लगभग 1,000 खिलाड़ी और अधिकारी भाग ले रहे हैं। उपराज्यपाल ने कहा कि गुलमर्ग में आयोजित खेलो इंडिया विंटर गेम्स एक साधारण खेल आयोजन से आगे बढ़कर राष्ट्रीय उत्सव का स्वरूप ले चुका है। यह आयोजन शांति, समानता और सौहार्द के मूल्यों को पुनर्जीवित करता है तथा विविध भाषाओं, संस्कृतियों और परंपराओं वाले देश में एक साझा विरासत के रूप में उभर रहा है। उन्होंने कहा, “विंटर गेम्स जीवन की चुनौतियों का प्रतिबिंब हैं, जो खिलाड़ियों में दृढ़ता और आत्मविश्वास का निर्माण करते हैं। गिरना, गलतियों का विश्लेषण करना और बेहतर बनकर उठना-यही खेल की असली सीख है, जिसे स्कीयर यहां आत्मसात करेंगे।”
उपराज्यपाल ने इस आयोजन के व्यापक उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेलो इंडिया विंटर गेम्स राष्ट्रीय एकता को सशक्त बनाने का माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ प्रतिस्पर्धा और आपसी सम्मान साथ-साथ चल सकते हैं और आज समाज को इसी भावना की आवश्यकता है। अल्पाइन स्कीइंग, नॉर्डिक स्कीइंग, स्नोबोर्डिंग और स्की माउंटेनियरिंग जैसी स्पर्धाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में खिलाड़ी अपनी तकनीकी दक्षता, वर्षों की मेहनत और अदम्य साहस का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने प्रतिभागियों से खेल भावना के उच्चतम मानकों को बनाए रखने और पूरे टूर्नामेंट में अपना सर्वश्रेष्ठ देने का आह्वान किया। उपराज्यपाल ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में जम्मू-कश्मीर में खेल क्षेत्र में हुए बदलावों का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री विकास पैकेज (पीएमडीपी ) के तहत अत्याधुनिक खेल अवसंरचना की स्थापना और 100 खेलो इंडिया केंद्रों की स्थापना से खेल परिदृश्य में व्यापक परिवर्तन आया है। उन्होंने कहा कि सच्चा खिलाड़ी जीत में विनम्र और हार में गरिमामय रहता है। उन्होंने कहा, “छब्बीस फरवरी को समापन समारोह में इस आयोजन की सफलता का आकलन केवल पदकों से नहीं, बल्कि एकता, आपसी सम्मान और उत्कृष्टता की निरंतर खोज की भावना से किया जाएगा।” उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला, युवा सेवा एवं खेल मंत्री सतीश शर्मा, मुख्यमंत्री के सलाहकार नासिर असलम वानी, गुलमर्ग के विधायक फारूक अहमद शाह सहित कई वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

