सिलीगुड़ी में विहिप के बंद का दिखा असर

सिलीगुड़ी, 02 जून (वार्ता) पश्चिम बंगाल में सिलीगुड़ी के माटीगाड़ा इलाके में हिन्दू समुदाय के कुछ घरों पर हमले के विरोध में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के सोमवार को 24 घंटे के सिलीगुड़ी बंद के आह्वान पर पूरे शहर में परिवहन और अन्य गतिविधियां प्रभावित हुईं।

बंद को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) समेत विभिन्न संगठनों का खुला समर्थन मिला है। शहर के प्रमुख व्यावसायिक क्षेत्रों—सेवक रोड, नया बाजार, रेगुलेटेड मार्केट, चंपासारी, इस्कॉन मंदिर रोड, बस स्टैंड, विधान मार्केट सहित माटीगाड़ा और तुम्बाजोत में बंद का असर दिखायी दिया। अधिकांश दुकानें और प्रतिष्ठान बंद रहे, तो वहीं सड़कों पर इक्का-दुक्का सरकारी बसें ही नजर आईं, जिनमें भी यात्रियों की संख्या काफी कम थी।

बंद के दौरान कुछ स्थानों पर पुलिस बल और तृणमूल समर्थकों के साथ विहिप कार्यकर्ताओं की नोकझोंक की घटनाएं भी सामने आईं। कुछ स्थानों पर स्थिति तनावपूर्ण हो गई, जिसे नियंत्रित करने के लिए पुलिस बल मुस्तैद नजर आये। इस बीच एनबीएसटीसी की कुछ सरकारी बसें सड़कों पर नजर आईं, लेकिन सुरक्षा के मद्देनज़र ड्राइवरों ने हेलमेट पहने हुए थे।

बताया जा रहा है कि विवाद की शुरुआत शुक्रवार को कथितरूप से एक वाहन में प्रतिबंधित मांस ले जाये जाने को लेकर हुई थी। इस वाहन को कुछ लोगों ने रोक लिया था। आरोप है कि पुलिस समय रहते हस्तक्षेप करती और जांच के बाद कानूनी कार्रवाई करती तो विवाद न बढ़ता।

घटना के बाद सांसद राजू बिष्ट और विधायक आनंदमय बर्मन ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया और पीड़ितों से संवाद किया। विहिप प्रवक्ता सुशील रामपुरिया ने कहा कि यह बंद केवल एक विरोध नहीं, बल्कि सीमांत क्षेत्र में हो रहे सुनियोजित हमलों के खिलाफ लोगों का आक्रोश है।

विहिप का आरोप है कि बंगाल में रोहिंग्या और बंगलादेशी घुसपैठियों के कारण सांप्रदायिक हिंसा की घटनाएं बढ़ रही हैं। विहिप प्रदेश सचिव लक्ष्मण वंसल ने कहा है कि ममता बनर्जी सरकार को मुस्लिम तुष्टिकरण की नीति से बाहर आना चाहिए और राज्य के सभी नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।

सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस पर आरोप है कि उसने बंद को विफल करने के लिए दुकानें जबरन खुलवाने की कोशिश की। विहिप नेताओं का कहना है कि घटना के बाद भी सत्ता पक्ष की ओर से पीड़ितों के प्रति संवेदना व्यक्त नहीं की गई, जिससे जनता में आक्रोश है।

Next Post

रूसी रक्षा मंत्रालय ने 162 यूक्रेनी विमान मार गिराने का किया दावा

Mon Jun 2 , 2025
माॅस्को 02 जून (वार्ता) रूसी वायु रक्षा चेतावनी प्रणालियों ने रविवार रात 162 यूक्रेनी ड्रोन को मार गिराया गया है, जिनमें से सबसे अधिक कुर्स्क क्षेत्र के ऊपर थे। रूसी रक्षा मंत्रालय ने यह जानकारी दी है। मंत्रालय ने कहा, “एक जून को मॉस्को को रात आठ बजकर 10 मिनट […]

You May Like