भिंड: गोहद नगर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने के उद्देश्य से प्रशासन ने बड़ा कदम उठाया है। गोहद नगर सहित गोहद चौराहा के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों पर 34 लाख की लागत से कुल 62 हाई-रिजॉल्यूशन सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। इन कैमरों की लाइव निगरानी स्थानीय गोहद थाना परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम से की जाएगी। इससे किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना पर तुरंत कार्रवाई हो सकेगी।
नगर पालिका और पुलिस प्रशासन के संयुक्त प्रयास से लगाए गए ये कैमरे नगर के हर कोने की गतिविधियों पर पैनी नजर रखेंगे। मुख्य बाजार, बस स्टैंड, स्कूलों के आसपास, प्रमुख मंदिरों, बैंक और एटीएम जैसे स्थानों को विशेष रूप से इस निगरानी नेटवर्क में शामिल किया गया है। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, इस प्रणाली से न केवल अपराधों पर अंकुश लगेगा बल्कि ट्रैफिक व्यवस्था में भी सुधार होगा।
गोहद थाना प्रभारी अभिषेक गौतम ने बताया कि सभी कैमरों की फुटेज 24 घंटे रिकॉर्ड होगी और किसी भी घटना की स्थिति में तुरंत पुराने वीडियो को देखा जा सकेगा। इससे चोरी, छेड़छाड़, सड़क दुर्घटना, झगड़ा या अन्य आपराधिक घटनाओं के मामलों में दोषियों की पहचान करने में आसानी होगी। इसके साथ ही कैमरों के माध्यम से रात के समय होने वाली संदिग्ध गतिविधियों पर भी सख्त नजर रखी जाएगी। कैमरों की लाइव निगरानी स्थानीय गोहद थाना परिसर में स्थापित कंट्रोल रूम से पुलिसकर्मियों के द्वारा की जाएगी।
