
नई दिल्ली। एनबीसीसी (इंडिया) लिमिटेड ने 27 अक्टूबर से 2 नवम्बर 2025 तक सतर्कता जागरूकता सप्ताह 2025 मनाया। इस अवसर पर संस्था ने सत्यनिष्ठा, पारदर्शिता और नैतिक आचरण को प्रोत्साहित करने की अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।
इस वर्ष का थीम सतर्कताः हमारी साझा जिम्मेदारी रहा, जिसका उद्देश्य सामूहिक उत्तरदायित्व की भावना के माध्यम से भ्रष्टाचार मुक्त और जवाबदेह कार्यसंस्कृति को बढ़ावा देना था।
सप्ताहभर चलने वाले कार्यक्रमों में सतर्कता प्रभाग द्वारा कर्मचारियों की भागीदारी और जागरूकता बढ़ाने हेतु निबंध लेखन, स्लोगन निर्माण, तात्कालिक भाषण, ऑनलाइन क्विज़, आईजीओटी के माध्यम से ऑनलाइन कोर्स, तथा ड्रॉइंग और पेंटिंग जैसी गतिविधियाँ आयोजित की गईं।
इसके अतिरिक्त, एनबीसीसी कर्मचारियों के बच्चों के लिए विशेष चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई, जिससे ईमानदारी, निष्पक्षता और जिम्मेदारी जैसे मूल्यों को प्रारंभिक उम्र से ही प्रोत्साहित किया जा सके।
