
छतरपुर। छतरपुर जिले के ग्राम धौरी में 16 जुलाई की रात को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। गांव के ही चार लोगों सुनील बसोर, टट्टू बसोर, पुन्नू बसोर और गुड्डू बसोर पर एक ही परिवार पर कुल्हाड़ी, डंडों और पत्थरों से हमला करने का आरोप है।
घटना रात 11 बजे के आसपास उस समय हुई जब अरुण बंसल अपने परिवार के साथ घर पर मौजूद थे। जानकारी के अनुसार, गली में गाली-गलौच कर रहे आरोपियों को मना करने पर उन्होंने अरुण के घर पर धावा बोल दिया। अरुण की पत्नी अनीता बंसल के सिर पर सुनील बसोर ने कुल्हाड़ी से हमला किया, जिससे उन्हें गंभीर चोट आई। अरुण की मां के कंधे में फैक्चर हुआ है और छोटे भाई करन बंसल के सिर में टांके आए हैं। खुद अरुण भी बुरी तरह घायल हुए हैं।
पीड़ित परिवार ने बताया कि उन्होंने घटना के तुरंत बाद 100 नंबर पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी। 2 घंटे बाद ओरछा पुलिस मौके पर पहुंची और घायल परिवार को जिला अस्पताल छतरपुर लाया गया। वहीं FIR भी दर्ज की गई। लेकिन, एक सप्ताह बीत जाने के बाद भी आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं की गई है।
पीड़ित अरुण बंसल ने बताया, “मैं हरियाणा में अपने परिवार के साथ मिस्त्री का काम करता हूं। बहन रानी की शादी में शामिल होने गांव आया था। हमला बेवजह हुआ और अब आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, हमें जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। उनका कहना है कि हमारे पास पैसे की ताकत है, पुलिस को खरीद लेंगे।”
अरुण की मां राजाबाई का आरोप है कि पुलिस कार्रवाई नहीं कर रही और सब कुछ मिलीभगत का हिस्सा लग रहा है। उन्होंने चेतावनी दी है कि “अगर हमारे परिवार के किसी सदस्य को कुछ हुआ, तो हम आत्महत्या कर लेंगे और इसके लिए ओरछा रोड थाना पुलिस जिम्मेदार होगी।
