
मुरैना। जड़ेरुआ गांव में रूबी गुर्जर की फांसी लगाकर कथित आत्महत्या साफ तौर पर हत्या निकली। पुलिस को 2 मिनट 27 सेकंड का ऑडियो मिला है जिसमें रूबी के साथ मारपीट और जान से मारने की धमकी से जुड़ी बातचीत रिकॉर्ड है।
पुलिस के अनुसार पति रामराज गुर्जर और चचिया ससुर लखना गुर्जर ने मिलकर रूबी की गला दबाकर हत्या की, फिर शव को फंदे पर लटका दिया ताकि मामला आत्महत्या का लगे। नूराबाद पुलिस ने रामराज को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि लखना फरार है।
बताया जाता है कि रूबी का उत्तर प्रदेश के हरदोई निवासी अनुज से प्रेम संबंध था। वह अपने पति को तलाक देकर अनुज के साथ रहना चाहती थी। वह दो बार घर छोड़कर हरदोई में अनुज के पास जा चुकी थी।
पुलिस के मुताबिक 9 सितंबर को रामराज ने रूबी को उसकी मां के साथ जड़ेरुआ बुलाया था। कहा था कि बच्चे उसे याद कर रहे हैं। रूबी के दो बेटे हैं, जिनकी उम्र 5 और 8 साल है। वह मां के साथ गांव पहुंची, बच्चों से मिली और शाम को वापस चली गई। अगले दिन 10 सितंबर को रामराज और उसके चाचा-ससुर ने रूबी को फिर मां के साथ बुलाया। इस बार कहा गया कि मकान मालिक मोहन राजपूत से जुड़े मामले में समझौता और पैसों को लेकर बात करनी है। यह भी कहा गया कि रूबी आएगी तो रामराज लिखकर देगा कि वह अपनी मर्जी से कहीं जा सकती है और प्रेमी के साथ रह सकती है। रूबी अपनी मां के साथ वहां पहुंची। उसे कुछ गड़बड़ लगी तो उसने चुपचाप प्रेमी अनुज को फोन कर दिया। इसी दौरान अनुज के मोबाइल पर बातचीत रिकॉर्ड हो गई। पुलिस के अनुसार पति और चचिया ससुर द्वारा उसकी गला दबाकर हत्या किए जाने के साक्ष्य मिले हैं। पुलिस ने रूबी के पति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
