
नई दिल्ली, 05 नवम्बर 2025: बिहार में पहले चरण के मतदान से पहले चुनाव आयोग (ECI) ने सुरक्षा और संवेदनशीलता को देखते हुए बड़ा फैसला लिया है। पहले चरण की 6 विधानसभा क्षेत्रों के कुल 2135 मतदान केंद्रों पर वोटिंग का समय घटाकर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक कर दिया गया है। चुनाव आयोग ने यह फैसला पूर्व की घटनाओं, नदी/प्रखंड मुख्यालय से दूरी और इन क्षेत्रों की संवेदनशीलता को देखते हुए लिया है।
जिन छह विधानसभा सीटों पर मतदान का समय 1 घंटा कम किया गया है, वे हैं: सिमरी बख्तियारपुर (410 केंद्र), महिषी (361 केंद्र), तारापुर (412 केंद्र), मुंगेर (404 केंद्र), जमालपुर (492 केंद्र) और सूर्यगढ़ा (56 केंद्र)। इन सभी 2135 मतदान केंद्रों पर अब मतदाता शाम 5 बजे तक ही अपना वोट डाल सकेंगे।
बिहार चुनाव के पहले चरण में कुल 18 जिलों की 121 विधानसभा सीटें शामिल हैं। समय घटाने के फैसले के बाद, बाकी बचे 115 विधानसभा क्षेत्रों के 43,206 मतदान केंद्रों पर मतदान का समय सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक ही रहेगा। गौरतलब है कि पहले चरण के लिए प्रचार अभियान मंगलवार (4 नवंबर) शाम 6 बजे समाप्त हो गया है।
