प्रीति पवार और दीपक ने एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप के शुरुआती दौर के मुकाबले जीते

उलानबटार (मंगोलिया) 30 मार्च (वार्ता) भारत की प्रीति पंवार और दीपक ने सोमवारको एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप 2026 में अपने-अपने शुरुआती दौर के मुकाबले जीत लिए हैं। आज यहां महिलाओं की 54 किग्रा भार वर्ग में, विश्व बॉक्सिंग कप फाइनल की गोल्ड मेडलिस्ट प्रीति पंवार ने जबरदस्त प्रदर्शन करते हुए कज़ाकिस्तान की पूर्व एशियाई अंडर-22 चैंपियन एलिना बाजारोवा को 5-0 के एकतरफा फैसले से हराया।

पुरुषों की 70 किग्रा वर्ग में, एशियाई यूथ बॉक्सिंग चैंपियनशिप के कांस्य पदक विजेता दीपक ने अपनी सूझबूझ और मज़बूती का प्रदर्शन करते हुए उज्बेकिस्तान के खावासबेक असादुल्लायेव को 3-2 के विभाजित फैसले से हराया। इस बीच, ओलंपिक पदक विजेता लवलीना बोरगोहेन (75किग्रा) और पूर्व विश्व चैंपियन निकहत जरीन (51 किग्रा) को अपने-अपने शुरुआती दौर में ‘बाय’ (सीधा प्रवेश) मिला। जैस्मीन लंबोरिया (57किग्रा), अंकुशिता बोरो (65किग्रा), अरुंधति चौधरी (70 किग्रा) और अल्फ़िया पठान (80 प्लास किग्रा) को भी पहले दौर में ‘बाय’ मिला।

दूसरी ओर, विश्व चैंपियन मीनाक्षी हुड्डा (48किग्रा) मंगलवार को अपने शुरुआती मुकाबले में जापान की यूका सादामत्सु का सामना करेंगी, जबकि ओलंपियन पूजा रानी (80 किग्रा) कजाकिस्तान की नादेज़दा र्याबेट्स से भिड़ेंगी। पुरुषों के ड्रॉ में, अंकुश (80 किग्रा) और नरेंद्र बेरवाल (90 प्लास किग्रा) को ‘बाय’ मिला, जबकि जादुमणि सिंह 55 किग्रा वर्ग के एक कड़े मुकाबले में जापान के शीर्ष वरीयता प्राप्त (टॉप सीड) रुई यामागुची का सामना करेंगे। सचिन सिवाच (60 किग्रा) स्थानीय पसंदीदा मुक्केबाज बुयांदलाई बायारखू से भिड़ेंगे, जबकि आदित्य प्रताप यादव (65 किग्रा) सऊदी अरब के मुक्केबाज मौदा अलहवसाव का सामना करने के लिए तैयार हैं।

Next Post

मनिका बत्रा और मानव ठक्कर आईटीटीएफ विश्वकप में अपने शुरुआती मैच हारे

Mon Mar 30 , 2026
मकाऊ (चीन), 30 मार्च (वार्ता) आईटीटीएफ विश्व कप 2026 में भारतीय टेबल टेनिस खिलाड़ियों की शुरुआत निराशाजनक रही; सोमवार को मकाऊ में मनिका बत्रा और मानव ठक्कर अपने-अपने शुरुआती ग्रुप मैच हार गए। आज यहां महिला एकल में, वर्ल्ड रैंकिंग में 47वें स्थान पर काबिज मनिका बत्रा, ग्रुप 4 में […]

You May Like