
जबलपुर: जिले के ग्रामीण युवाओं में उद्यमिता विकसित करने और उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के उद्देश्य से बुधवार को 13 ग्राम पंचायतों में उद्यम संस्कार शिविर आयोजित किए गए। कलेक्टर राघवेंद्र सिंह की पहल पर चल रहे इन शिविरों के माध्यम से युवाओं को हर बुधवार उद्यम स्थापना, बाजार की संभावनाओं और शासकीय योजनाओं की जानकारी दी जा रही है। जिला व्यापार एवं उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक विनीत रजक ने बताया कि शिविरों में विषय विशेषज्ञों ने बाजार आधारित इकाइयों के चयन और उत्पादों की मार्केटिंग के गुर सिखाए।
साथ ही, युवाओं से विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं के आवेदन भी प्राप्त किए गए। बुधवार को जबलपुर, पनागर, पाटन, मझौली, शहपुरा, सिहोरा एवं कुंडम विकासखंड की पंचायतों में शिविर लगाए गए। शहपुरा विकासखंड के ग्राम बेलखेड़ा में आयोजित शिविर में जिला पंचायत सीईओ अभिषेक गहलोत ने युवाओं को योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर जनपद पंचायत शहपुरा की सीईओ सौम्या जैन एवं उद्यानिकी विभाग की उप संचालक डॉ. नेहा पटेल भी उपस्थित थे।
