इंदौर:आर्थिक परेशानी से जूझ रहे मूक-बधिर परिवार की मदद के लिए हीरानगर पुलिस ने पहल करते हुए रोजगार का साधन उपलब्ध कराया. सुखलिया क्षेत्र में एक चाय की गुमटी शुरू करवाकर परिवार को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया.गौरी नगर में रहने वाले गोविंद यादव, उसकी पत्नी और दो बच्चे मूक-बधिर हैं. बोलने और सुनने में परेशानी के कारण गोविंद को नौकरी मिलने में दिक्कत आ रही थी. परिवार की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने उसकी मदद का प्रयास किया.
कुछ दिन पहले मूक-बधिर लोगों के लिए सहायता केंद्र चलाने वाले ज्ञानेंद्र पुरोहित गोविंद को लेकर थाने पहुंचे थे. इसके बाद पुलिस ने पहले नौकरी दिलाने की कोशिश की, लेकिन परेशानी आने पर उसके लिए स्वरोजगार की व्यवस्था की गई.
शुक्रवार को थाना प्रभारी के प्रयासों से सुखलिया क्षेत्र में गोविंद के लिए चाय की गुमटी शुरू करवाई. पुलिस की ओर से गुमटी के साथ चाय बनाने और बिक्री के लिए जरूरी सामान भी उपलब्ध कराया. दुकान शुरू होने पर पुलिसकर्मी भी वहां पहुंचे और गोविंद का हौसला बढ़ाया. उसने इशारों के माध्यम से पुलिस का आभार जताया.
मदद के लिए एक छोटा सा प्रयास किया…
गोविंद की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद उसकी मदद के लिए एक छोटा सा प्रयास किया है. पहले नौकरी दिलाने की कोशिश की थी, लेकिन परेशानी आने पर उसे आत्मनिर्भर बनाने के लिए चाय की दुकान शुरू करवाई है. बीट स्टाफ को भी उसकी दुकान पर नजर रखने के निर्देश दिए है.
– सुशील पटेल, थाना प्रभारी, हीरानगर
