रक्षिता को हराकर अश्मिता चालिहा कोरिया ओपन के फाइनल में

आसन (दक्षिण कोरिया), 08 अगस्त (वार्ता) भारत की अश्मिता चालिहा ने शनिवार को कोरिया मास्टर्स 2026 बैडमिंटन टूर्नामेंट के महिला एकल के सेमीफाइनल में हमवतन रक्षिता रामराज को हराकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई। आज यहां आसन यी सन-सिन जिम्नेजियम में भारतीयों के बीच हुए इस सेमीफाइनल में, महिला एकल बैडमिंटन रैंकिंग में 50वें स्थान पर मौजूद अश्मिता चालिहा ने दुनिया की 49वें नंबर की खिलाड़ी रक्षिता रामराज को 48 मिनट तक चले मुकाबले में 21-13, 16-21, 21-13 से हराया।

26 साल की अश्मिता चालिहा ने शुरुआत से ही पहले गेम पर अपना दबदबा बनाए रखा; इंटरवल तक वह 11-6 से आगे थीं और अंत में पहला गेम जीत लिया। रक्षिता रामराज ने दूसरे गेम में ज़बरदस्त वापसी की। उन्होंने 11-6 की बढ़त बनाई और अश्मिता चालिहा की वापसी की कोशिशों को नाकाम करते हुए मैच को बराबरी पर ला दिया, जिससे मुकाबला निर्णायक गेम तक पहुंच गया। इसके बाद निर्णायक गेम में अश्मिता चालिहा ने खेल पर पकड़ बनाई और लगातार छह पॉइंट जीतकर इंटरवल तक 11-3 की बढ़त हासिल कर ली। ब्रेक के बाद भी उन्होंने अपनी बढ़त बनाए रखी और जीत पक्की करते हुए फ़ाइनल में अपनी जगह बना ली।

कोरिया मास्टर्स में अश्मिता चालिहा पहली बार बीडब्ल्यूएफ वर्ल्ड टूर फ़ाइनल में पहुंची। इससे पहले यह भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी जून में मकाऊ ओपन के सेमीफ़ाइनल से बाहर हो गई थीं। अब फाइनल में उनका सामना चीन की हान कियानक्सी से होगा, जो चौथी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी और 2026 जर्मन ओपन चैंपियन हैं। कोरिया मास्टर्स फ़ाइनल में जीत के साथ ही वह इस साल एकल बीडब्ल्यूएफ ख़िताब जीतने वाली चौथी भारतीय महिला बन जाएंगी। उनसे पहले ताइपे ओपन में तन्वी शर्मा, जापान ओपन में पीवी सिंधु और थाईलैंड मास्टर्स में देविका सिहाग ने यह उपलब्धि हासिल की है।

.....

Next Post

राशिद ने झटके छह विकेट, अफगानिस्तान ने आयरलैंड को हराकर सीरीज में बनाई बढ़त

Sat Aug 8 , 2026
ब्रेडी, 08 अगस्त (वार्ता) इब्राहिम जदरान (84) रन की अर्धशतकीय पारी के बाद राशिद खान (छह विकेट) के बेहतरीन गेंदबाजी प्रदर्शन की बदौलत अफगानिस्तान ने बारिश बाधित दूसरे एकदिवसीय मुकाबले में आयरलैंड को 92 रनों से हराया। इसी के साथ उसने तीन मैचों की सरीज में बढ़त बना ली है। […]

You May Like