नई दिल्ली, 29 मई (वार्ता) देश की प्रमुख फेरो एलॉय निर्माता कंपनी इंडियन मेटल्स एंड फेरो एलॉयज लिमिटेड (आईएमएफए) ने अक्षय ऊर्जा की ओर बड़ा कदम उठाते हुए एएमपीआईएन एनर्जी यूटिलिटी वन प्राइवेट लिमिटेड के साथ 25 साल के बिजली खरीद समझौते (पीपीए) पर हस्ताक्षर किए हैं।
कंपनी ने गुरुवार को बयान जारी कर बताया कि इस दीर्घकालिक साझेदारी के तहत आईएमएफए अपनी 40 मेगावाट की अनुबंधित ऊर्जा मांग को 58 मेगावाट सौर और 58 मेगावाट पवन ऊर्जा के हाइब्रिड संयोजन से पूरा करेगी। यह करार न केवल आईएमएफए की ऊर्जा आवश्यकताओं को हरित विकल्पों से पूरा करेगा बल्कि कंपनी के कार्बन फुटप्रिंट को भी उल्लेखनीय रूप से घटाएगा। साथ ही यह कदम आईएमएफए के ईएसजी लक्ष्यों को प्राप्त करने में मददगार साबित होगा।
आईएमएफए के मुख्य परिचालन अधिकारी बिजयानंद महापात्रा ने कहा, “एएमपीआईएन एनर्जी के साथ यह दीर्घकालिक समझौता हमारे सतत संचालन की प्रतिबद्धता को दर्शाता है। हाइब्रिड अक्षय ऊर्जा को अपनाकर हम जिम्मेदार विनिर्माण की दिशा में एक ठोस कदम उठा रहे हैं।”
