इंदौर:सोयाबीन को लेकर किसानों की नाराज़गी अब सड़कों पर उतर आई है. उचित भाव नहीं मिलने और भावांतर योजना में गड़बड़ी के विरोध में किसानों ने इंदौर की लक्ष्मीबाई अनाज मंडी में जोरदार प्रदर्शन कर मंडी बंद करा दी. प्रदर्शन के चलते मंडी में नीलामी ठप रही और व्यापार पूरी तरह प्रभावित हुआ.यह आंदोलन प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के निर्देश पर और जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े के आव्हान पर किया.
जिला किसान कांग्रेस अध्यक्ष जीतू ठाकुर के नेतृत्व में बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मंडी पहुंचे और सरकार के खिलाफ नारेबाजी की. जीतू ठाकुर ने कहा कि सरकार ने भावांतर योजना लागू तो कर दी, लेकिन फसलों के दर स्पष्ट नहीं किए, जिससे किसानों में भ्रम की स्थिति है. उन्होंने आरोप लगाया कि व्यापारियों का सिंडिकेट किसानों को मनमाने भाव दे रहा है और प्रशासन इस पर कोई कार्रवाई नहीं कर रहा.
किसानों ने ट्रैक्टर रैली निकालकर भावांतर योजना को तत्काल समाप्त करने की मांग की. उनका कहना है कि योजना का लाभ सिर्फ व्यापारियों को हो रहा है, जबकि किसान अपनी उपज के लिए उचित दाम पाने के लिए परेशान हैं. लगातार दो दिनों से जारी इस विरोध के चलते लक्ष्मीबाई मंडी में खरीद-फरोख्त ठप है और किसानों ने चेतावनी दी है कि जब तक उनकी मांगें नहीं मानी जातीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा.
