अशोकनगर: कलेक्टर आदित्य सिंह ने ग्राम बैधाई और जियाजीपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों की व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की।निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने आंगनवाड़ी में बच्चों की उपस्थिति, कुपोषित बच्चों की स्थिति, मोरिंगा पाउडर की उपलब्धता, वजन मशीन तथा बच्चों को दिए जाने वाले नाश्ता और भोजन की गुणवत्ता की जानकारी ली। उन्होंने आंगनवाड़ी कार्यकर्ता को आवश्यक सुधारात्मक निर्देश भी दिए।
कलेक्टर सिंह ने विकासखंड चंदेरी के शासकीय प्राथमिक विद्यालय बैधाई और जियाजीपुर का आकस्मिक निरीक्षण भी किया। इस दौरान बैधाई के प्राथमिक शिक्षक संतोष भगत और जियाजीपुर की शिक्षिका नीलम सिंह टडैया अनुपस्थित पाए गए। दोनों शिक्षकों को कर्तव्य में लापरवाही बरतने पर तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया।
उल्लेखनीय है कि बैधाई विद्यालय के शिक्षक संतोष भगत को पूर्व में भी शैक्षणिक कार्य में रुचि न लेने और अपने पदीय दायित्वों के प्रति लापरवाही के कारण चेतावनी दी जा चुकी थी।
