चंदेरी विधायक के फर्जी लेटरहेड से शिक्षा विभाग में शिकायतें भेजी गईं, पुलिस ने शुरू की जांच

अशोकनगर: जिले में चंदेरी के विधायक जगन्नाथ सिंह रघुवंशी के नाम से फर्जी लेटरहेड और हस्ताक्षर कर शिक्षा विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों के खिलाफ शिकायतें भेजे जाने का मामला सामने आया है। मामला सामने आने के बाद विधायक के निज सहायक धीरेन्द्र सेलर ने सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई, जिसके आधार पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

कोतवाली थाने में दिए गए आवेदन में विधायक के निज सहायक ने बताया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने फर्जी लेटरहेड तैयार कर उस पर विधायक के नकली हस्ताक्षर कर शिक्षा विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और शिक्षक संघ के पदाधिकारियों के खिलाफ मिथ्या शिकायतें की हैं।
पुलिस जुटी आरोपी की तलाश में
शिकायत के बाद पुलिस ने धारा 318(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया है। पुलिस अधीक्षक राजीव कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए फर्जी पत्रों के हस्ताक्षर, लेटरहेड डिजाइन, प्रिंटिंग स्रोत और डिजिटल माध्यमों का तकनीकी विश्लेषण कराया जा रहा है। साथ ही, इस संबंध में लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल और जिला पंचायत अशोकनगर से भी आवश्यक जानकारी ली जा रही है।
छवि धूमिल करने की साजिश का संदेह
निज सहायक द्वारा पुलिस को दिए गए आवेदन में कहा गया है कि विधायक के नाम से जो भी शिकायतें भेजी गई हैं, वे सभी फर्जी हैं। इन पत्रों पर अंकित लेटरहेड और हस्ताक्षर वास्तविक नहीं हैं। आशंका जताई गई है कि किसी व्यक्ति ने विधायक की छवि धूमिल करने और प्रशासनिक भ्रम फैलाने के उद्देश्य से यह कृत्य किया है।
कई विभागों में पहुंचे फर्जी पत्र
विधायक को इस संबंध में जानकारी लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल से 1 अक्टूबर 2025 को मिली, जिसमें बताया गया कि उनके नाम से शिक्षा विभाग में शिकायत प्राप्त हुई है। इसी तरह, जिला पंचायत अशोकनगर के पत्र क्रमांक 5028 दिनांक 06.09.2025 और 4685 दिनांक 17.10.2025 के माध्यम से भी यह सामने आया कि क्रमांक 5022, 5023, 5026 सहित कई पत्रों द्वारा विभागीय अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ फर्जी शिकायतें भेजी गई हैं।
पुलिस अब दस्तावेजी और तकनीकी जांच के माध्यम से आरोपी की पहचान कर शीघ्र विधिसम्मत कार्रवाई करने में जुटी है।

Next Post

राष्ट्रीय एकता दौड़: उप मुख्यमंत्री ने दिखाई हरी झंडी

Fri Oct 31 , 2025
रीवा:उप मुख्यमंत्री राजेंद्र शुक्ल ने राष्ट्रीय एकता दौड़ को हरी झंडी दिखाकर किया रवाना।मध्यप्रदेश शासन खेल और युवा कल्याण विभाग के तत्वाधान में सरदार वल्लभभाई पटेल के 150वीं जयंती पर आज राष्ट्रीय एकता दौड़ का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय एकता, अखण्डता और सुरक्षा को बनाये रखने के उद्देश्य से एकता […]

You May Like