
गाली-गलौज के बाद छत से बरसाए ईंट-पत्थर
इंदौर. मल्हारगंज थाना क्षेत्र के इंद्रानगर में बिजली विभाग की टीम पर उपभोक्ता ने हमला कर दिया. बुधवार को जब एमपीईबी लाइनमैन को गाली गलौज करते हुए आरोपी ने अपनी छत से ईंट और पत्थर बरसाए. पुलिस ने फरियादी की रिपोर्ट पर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरु की.
मल्हारगंज थाने से मिली जानकारी के अनुसार फरियादी कैलाश यादव अपने स्टाफ के साथ उपभोक्ता मनीष काले 288, इंद्रानगर के घर पर बकाया बिजली बिल वसूलने पहुंचे थे।.बिल की राशि चुकाने की बात पर मनीष काले नाराज हो गया और कर्मचारियों को गालियां देते हुए मारने दौड़ा. जब टीम ने उसे समझाने की कोशिश की, तो वह घर के अंदर चला गया. इसी बीच कर्मचारी पास के ही एक अन्य उपभोक्ता का कनेक्शन काटने लगे, तभी मनीष अपने घर की छत पर चढ़ गया और ईंट-पत्थर फेंकने लगा. हमले में लाइनमैन हर्ष मकवाना को दाहिने हाथ के अंगूठे में चोट आई है. मनीष ने कर्मचारियों को जान से मारने की धमकी भी दी. घटना की जानकारी मिलते ही थाना मल्हारगंज पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर आरोपी की तलाश में जुटी है.
