सीहोर। सृष्टि आरंभ दिवस, वर्ष प्रतिपदा एवं विक्रम संवत् 2083 के शुभारंभ अवसर पर नगर के पीएम कॉलेज ऑफ क्सीलेंस में जिला स्तरीय सूर्य उपासना कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा शामिल हुए.
इस अवसर पर कलाकारों के दल द्वारा सम्राट विक्रमादित्य के जीवन पर आधारित नाट्य प्रस्तुति का मंचन किया गया. जिला स्तरीय कार्यक्रम के साथ ही जिले में अनेक स्थानों पर सूर्य उपासना कार्यक्रम आयोजित किए गए.
इस अवसर पर राजस्व मंत्री श्री वर्मा ने कहा कि वर्ष प्रतिपदा भारतीय संस्कृति का अत्यंत महत्वपूर्ण और पवित्र पर्व है, जो सृष्टि के आरंभ का प्रतीक होने के साथ-साथ नववर्ष के आगमन का भी सूचक है. यह दिन हमें नई ऊर्जा, नए संकल्प और सकारात्मक सोच के साथ आगे बढऩे की प्रेरणा देता है. उन्होंने कहा कि विक्रम संवत् केवल एक कालगणना नहीं है, बल्कि यह भारत की प्राचीन ज्ञान परंपरा, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और सांस्कृतिक वैभव का जीवंत प्रतीक है. उन्होंने सम्राट विक्रमादित्य के जीवन का उल्लेख करते हुए कहा कि उनका शासनकाल न्याय, पराक्रम और जनकल्याण का आदर्श उदाहरण रहा है। उनके निर्णयों में सदैव प्रजा का हित सर्वोपरि रहता था. आज के समय में भी उनके आदर्श हमें सुशासन, नैतिकता और समाज के प्रति जिम्मेदारी का संदेश देते हैं. श्री वर्मा ने कहा कि सूर्य उपासना भारतीय संस्कृति का अभिन्न अंग है. सूर्य को जीवन, ऊर्जा और प्रकाश का स्रोत माना गया है. सूर्य की उपासना से न केवल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य में वृद्धि होती है, बल्कि यह हमें अनुशासन, नियमितता और सकारात्मक जीवन शैली अपनाने की प्रेरणा भी देती है. उन्होंने सभी नागरिकों से आह्वान किया कि वे अपने जीवन में भारतीय संस्कृति और परंपराओं को अपनाते हुए समाज में सद्भाव और एकता को बढ़ावा दें.
उन्होंने कहा ऐसे सांस्कृतिक और आध्यात्मिक आयोजन समाज को एक सूत्र में पिरोने का कार्य करते हैं तथा नई पीढ़ी को अपनी समृद्ध विरासत से जोडऩे में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं. हमें अपने त्योहारों और परंपराओं को पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ मनाना चाहिए, ताकि हमारी सांस्कृतिक पहचान और अधिक सशक्त हो सके.
कार्यक्रम को भाजपा जिलाध्यक्ष नरेश मेवाड़ा ने भी संबोधित किया. कार्यक्रम में कलेक्टर बालागुरू के, एसडीएम तन्मय वर्मा, पंकज गुप्ता सहित जनप्रतिनिधि, उपस्थित थे. कार्यक्रम में राजस्व मंत्री श्री वर्मा, भाजपा अध्यक्ष मेवाड़ा और कलेक्टर ने कृषि विभाग के नरवाई प्रबंधन जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। यह जागरूकता रथ जिले के सभी गांवों में किसानों को नरवाई नही जलाने के लिए प्रेरित करेगा.
वर्ष प्रतिपदा भारतीय संस्कृति का महत्वपूर्ण पवित्र पर्व: वर्मा
