सुकमा, 26 सितम्बर (वार्ता) छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले में लगातार हो रही भारी बारिश से बाढ़ की स्थिति गंभीर हो गई है। शबरी नदी समेत क्षेत्र के नदी-नालों का जलस्तर बढ़ने से सुकमा शहर के कई वार्डों में पानी घुस गया है। बैंक ऑफ बड़ौदा की सुकमा शाखा और शबरी नगर स्थित केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की सेकेंड बटालियन के परिसर में भी बाढ़ का पानी भर गया है। कई प्रमुख मार्गों पर पुल-पुलियों के ऊपर पानी बहने से आवागमन बाधित है।
जिला प्रशासन ने प्रभावित क्षेत्रों में राहत एवं बचाव कार्य तेज कर दिए हैं। प्रशासन के अनुसार सामुदायिक भवन कोंटा में लगभग 550, आसिरगुड़ा में करीब 220 और शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय सुकमा में करीब 200 लोगों के भोजन एवं सुरक्षित ठहरने की व्यवस्था की गई है। आवश्यकता के अनुसार बाढ़ प्रभावित लोगों को सुरक्षित स्थानों और राहत शिविरों में पहुंचाया जा रहा है।
लगातार बारिश के कारण सुकमा नगर के वार्ड क्रमांक दो, तीन, 11, 12, 13, 14 और 15 में बाढ़ का पानी प्रवेश कर गया है। इन इलाकों में बड़ी संख्या में लोग प्रभावित हुए हैं। कई घरों और आसपास के क्षेत्रों में पानी भरने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। जलस्तर बढ़ने की आशंका को देखते हुए प्रशासन निचले इलाकों पर विशेष नजर बनाए हुए है।
बाढ़ का असर शहर की बैंकिंग व्यवस्था पर भी पड़ा है। बैंक ऑफ बड़ौदा की सुकमा शाखा के भीतर करीब दो फीट तक पानी भर गया है। वार्ड क्रमांक 13 की पार्षद कांता राठी ने पूर्व में बैंक प्रबंधन और संबंधित अधिकारियों को पत्र लिखकर जलभराव की आशंका के मद्देनजर बैंक नहीं खोलने और सुरक्षा के आवश्यक इंतजाम करने की मांग की थी।
शहर के शबरी नगर स्थित सीआरपीएफ सेकेंड बटालियन परिसर में भी करीब तीन से चार फीट तक पानी भरने की सूचना है। अधिकारियों और जवानों के आवासीय क्षेत्र तक पानी पहुंचने से परेशानी बढ़ गई है।
बाढ़ के कारण जिले की सड़क कनेक्टिविटी भी प्रभावित हुई है। सुकमा पुलिस की ओर से शनिवार सुबह जारी यातायात एडवाइजरी के मुताबिक सुकमा-मलकानगिरी मार्ग पर झापरा पुल के ऊपर पानी बहने से आवागमन बंद है। सुकमा-जगदलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर गीदमनाला पुल और सीआरपीएफ डीआईजी कार्यालय के समीप जलभराव के कारण मार्ग अवरुद्ध है।
सुकमा-दोरनापाल मार्ग पर दुब्बाटोटा और बोदीगुड़ा पुल के ऊपर तेज बहाव के कारण यातायात प्रभावित है। दोरनापाल-एर्राबोर-कोंटा राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर इंजरम और चीखलगुड़ा पुलिया के ऊपर बाढ़ का पानी होने से आवागमन बंद कर दिया गया है। कोंटा-मोटू, पूसपाल-ओडिशा, पूसपाल क्षेत्र के कोकराल पुल और छिंदगढ़-गंजेनार मार्ग पर भी यातायात प्रभावित है।
सुकमा पुलिस ने लोगों से जलमग्न पुल-पुलियों को पैदल अथवा वाहन से पार नहीं करने और स्थिति सामान्य होने तक अनावश्यक यात्रा से बचने की अपील की है। किसी आपात स्थिति में डायल 112, नजदीकी पुलिस थाने अथवा जिला पुलिस कंट्रोल रूम से संपर्क करने को कहा गया है।
प्रशासन और पुलिस की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में लगातार स्थिति की निगरानी कर रही हैं। बढ़ते जलस्तर को देखते हुए जरूरत पड़ने पर और लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाने की तैयारी की गई है।
