गांवों की आर्थिक रीढ़ को मजबूत करेगी वीबी-जीराम जी योजना: सांसद

रीवा,भारत सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में आजीविका और रोजगार को नई दिशा देने के लिए शुरू किए गए महत्वाकांक्षी अभियान विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) यानी वीबी-जीराम जी योजना शुरू की गई है. योजना का जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान में आयोजित किया गया. कार्यक्रम में आन्ध्रप्रदेश के तिरुपति जिले में आयोजित राष्ट्रीय स्तर के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया.

कार्यक्रम में सांसद जनार्दन मिश्र ने कहा कि आज का यह दिन हमारे ग्रामीण भारत के इतिहास में एक मील का पत्थर साबित होने जा रहा है. वीबी जीराम जी योजना केवल एक सरकारी कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह हमारे गांवों की आर्थिक रीढ़ को मजबूत करने का संकल्प है. देश के यशस्वी प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका का जो संकल्प तिरुपति से लिया गया है, उसकी गूंज आज रीवा के हर गांव में सुनाई दे रही है. हर हाथ को काम मिले और हर ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से सशक्त हो. जब हमारे गांवों की माताएं, बहनें और युवा आत्मनिर्भर होंगे, तभी देश आत्मनिर्भर बनेगा. वर्ष 2047 तक भारत को एक महाशक्ति और विकसित राष्ट्र बनाने की दिशा में यह योजना सबसे महत्वपूर्ण कड़ी साबित होगी. नई योजना से गांव के विकास को गति मिलेगी. मजदूरों को तीन सौ रुपए प्रतिदिन बढ़ी हुई मजदूरी मिलेगी. इस योजना से जल संरक्षण के कार्य प्राथमिकता से कराए जाएंगे. हमें भविष्य को देखते हुए कम पानी में उपज देने वाली फसलों की ओर जाना होगा. मैं रीवा के हर नागरिक, किसान, युवा और स्व-सहायता समूह की दीदियों से अपील करता हूं कि वे इस मिशन से जुड़ें और अपनी आजीविका को नई ऊंचाइयों पर ले जाएं.

कार्यक्रम में गुढ़ विधायक नागेन्द्र सिंह ने कहा कि नई योजना में मजदूरों को रोजगार के अवसर मिलेंगे. ग्रामीण क्षेत्र में अधोसंरचना के विकास कार्यों में तेजी आएगी जिससे गांव का समग्र विकास होगा. उन्होंने इस योजना को क्रांतिकारी कदम बताया. जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती नीता कोल ने कहा कि यह ग्रामीण भारत की सबसे बड़ी रोजगार योजना है. इस नई योजना में मजदूरों और ग्रामीणों के लिए कई बड़े सुधार किए गए हैं. कार्यक्रम में जिला पंचायत रीवा के मुख्य कार्यपालन अधिकारी मेहताब सिंह गुर्जर ने योजना के उद्देश्यों और ग्रामीण स्तर पर इसके क्रियान्वयन की विस्तृत रूपरेखा प्रस्तुत की. उन्होंने बताया कि इस योजना के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार के स्थायी अवसर और आजीविका के नए साधन विकसित किए जाएंगे. जिले की सभी जनपद और ग्राम पंचायतों में भी वीबी-जीराम जी योजना के शुभारंभ कार्यक्रम आयोजित किए गए और राष्ट्रीय स्तर पर आयोजित कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दिखाया गया. कार्यक्रम में जनपद अध्यक्ष रायपुर कर्चुलियान श्रीमती सुमन बलिकरण साकेत एवं जनपद अध्यक्ष गंगेव विकास तिवारी, जिला पंचायत सदस्य ब्रजेश कोरी, श्री लालमणि त्रिपाठी, मृत्युंजय तिवारी, विनय तिवारी, सीईओ जनपद पंचायत रायपुर कर्चुलियान प्रदीप दुबे, परियोजना अधिकारी शिव सोनी, लेखा अधिकारी योगेंद्र पांडेय, संजय सिंह, अन्य अधिकारी-कर्मचारी, त्रि-स्तरीय पंचायत प्रतिनिधि, स्व-सहायता समूहों की दीदियां, किसान और बड़ी संख्या में स्थानीय युवा उपस्थित रहे.

Next Post

दिव्यांगजनों को योजनाओं का लाभ समय पर दिलाना सुनिश्चित करें: कलेक्टर

Thu Jul 2 , 2026
मऊगंज, कलेक्टर संजय कुमार जैन ने दिव्यांगजनों की मांगों पर संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर नियमानुसार शीघ्र कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए. कलेक्टर कक्ष में आयोजित बैठक में दिव्यांग प्रतिनिधियों से उनकी समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई. बैठक में दिव्यांग प्रतिनिधियों ने प्रधानमंत्री आवास […]

You May Like