
जबलपुर। गुरुजी वेयरहाउस के सामने परिसर में आग लगने से कुल 5528 धान की बोरियों में से करीबन 1000 बोरियों में रखी धान जल कर खाक हो गईं। जिससे नौ लाख का नुक़सान हुआ है। आग जान बूझकर लगाई गई थी। जिस पर कटंगी पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज करते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि अमृत कुमार प्यासी पिता स्व. उदयशंकर प्यासी 49 वर्ष साकिन घड़ी चौक विजय नगर थाना विजय नगर जबलपुर में अपने परिवार के साथ मंजिल दुबे के मकान में किराये से रहता हैं। कटंगी 13 मील में दो वेयरहाउस एवं एक राईस मिल है एवं कुसली लुहारी में बहन श्रीमति अजीता जैन की गुरुजी वेयर हाउस के नाम से दो वेयर हाउस हैं। गुरुजी वेयरहाउस में सीसीटीव्ही कैमरे नहीं है। गुरुजी वेयर हाउस के बाहर सामने परिसर में 05 माह पूर्व से कटंगी सेवा सहकारी समिति केन्द्र क्र. 1 के समिति प्रबंधक सुनील साहू के द्वारा किसानों से खरीदी गई 5528 बोरियां धान 23 जनवरी 2025 के बाद (खरीदी बंद होने के बाद) रखी गई थी। जिस संबंध में खाद्य विभाग कलेक्ट्रेट जिला जबलपुर के खाद्य अधिकारियों के द्वारा जांच की गई, जांच उपरांत अनियमितता पाई जाने से थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी। जिस कारण से धान वेयर हाउस के अंदर न रखकर समिति के द्वारा वेयरहाउस के बाहर रखी गई।किसी अज्ञात व्यक्ति के द्वारा बीती रात करीबन 11 बजे जानबूझकर रखी हुई धान के चारों तरफ से आग लगाई गई है, जिससे धान जलकर नष्ट हो गई है।
