कर्नाटक के गेंदबाजों ने मुंबई को किया 120 पर ढेर

मुंबई, 06 फरवरी (वार्ता) प्रसिद्ध कृष्णा, श्रेयस गोपाल और विधवत कावेरप्पा (तीन-तीन विकेट) की बेहरीन गेंदबाजी की बदौलत कर्नाटक ने रणजी ट्रॉफी चौथे क्वार्टरफाइनल के पहले दिन शुक्रवार को मुंबई को 120 के स्कोर पर ढेर करने के बाद स्टंप्स तक दो विकेट पर 110 रन बनाकर मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली है। आज यहां मुंबई ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया,जोकि उसके लिए घातक सिद्ध हुआ। अखिल हरवाड़कर की 138 गेंदों में 60 रनों की पारी के अलावा उसका कोई भी बल्लेबाज कर्नाटक के गेंदबाजी आक्रमण के आगे नहीं टिक सका। यशस्वी जायसवाल (पांच), सिद्धेश लाड (12), सूर्यांश शेडगे (10) और कप्तान शार्दुल ठाकुर 16 रन बनाकर आउट हुये। शेष बल्लेबाज दहाई आंकड़े तक भी नहीं पहुंच पाये। मुम्बई की पूरी टीम 48.1 ओवर में 120 रन पर ढेर हो गई।

इसके बाद बल्लेबाजी करने उतरी कर्नाटक के लिए केएल राहुल और मयंक अग्रवाल की जोड़ी ने पहले विकेट के लिए 50 रन जोड़े। 10वें ओवर में मोहित अवस्थी ने केएल राहुल (28) को आउटकर इस साझेदारी को तोड़ा। 20वें ओवर में कप्तान देवदत्त पड़िक्कल (17) रन बनाकर आउट हुये। दिन का खेल समाप्त होने के समय कर्नाटक ने दो विकेट पर 110 रन बना लिये है और वह अभी मुंबई के पहली पारी में बनाये गये स्कोर से 10 रन पीछे है। स्टंप्स के समय मयंक अग्रवाल (नाबाद 54) और करूण नायर (नाबाद तीन) क्रीज पर मौजूद थे। मुंबई के लिए मोहित अवस्थी और सूर्यांश शेडगे ने एक-एक विकेट लिया।

Next Post

अमेरिकी झारेड हैक ने 59 का जबरदस्त स्कोर बनाकर जीता छत्तीसगढ़ ओपन

Fri Feb 6 , 2026
नया रायपुर (छत्तीसगढ़), 06 फरवरी (वार्ता) अमेरिका के क्वालिफाइंग स्कूल ग्रेजुएट झारेड हैक ने डीपी वर्ल्ड पीजीटीआई में स्वप्निल डेब्यू किया और सीज़न-ओपनर एसईसीएल छत्तीसगढ़ ओपन 2026 में पांच शॉट की ज़बरदस्त जीत हासिल की। यह 1.5 करोड़ रुपये का इवेंट नया रायपुर के फेयरवे गोल्फ एंड लेक रिज़ॉर्ट में […]

You May Like