
मुलताई। पवित्र नगरी में ऋषि पंचमी के अवसर पर मंगलवार सुबह से ही ताप्ती तट पर महिलाओं की जमकर भीड़ उमड़ी । महिलाओं ने पवित्र ताप्ती सरोवर में स्नान कर ताप्ती तट स्थित मंदिरों में दर्शन पूजा अर्चना की। ऋषि पंचमी के अवसर पर मंगलवार सुबह से ही महिलाओं का ताप्ती तट पर पहुचना प्रांरभ हो गया था दोपहर तक ताप्ती तट पर महिलाओं की भीड़ जमा हो गई। महिलाओं ने ताप्ती सरोवर के सभी घाटों पर स्नान किया ताप्ती तट स्थित मंदिरों में पुजारियों द्वारा कराई जा रही सप्तऋषि पूजा में भाग लेकर ऋषि पंचमी की कथा सुनी।
वहीं गायत्री परिवार द्वारा ताप्ती सरोवर के मध्य स्थित सप्तऋषि टापु पर ऋषियों का अभिषेक पूजन किया।सुबह से शाम तक महिलाओं ने अलग अलग मंदिरों में पहुचकर समुहो में सप्त ऋषि की पूजा कथा का लाभ उठाया । बताया जाता है खासतौर से महिलाओं द्वारा ऋषि पंचमी के अवसर पर ताप्ती सरोवर में स्नान कर सप्त ऋषि की पूजा अर्चना कर कथा सुनने पर रजस्वला के दौरान किए गए कार्यो के दोष से मुक्ति मिलती है।
