भोपाल, 30 मई (वार्ता) प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को दिन में भोपाल के ऐतिहासिक जंबूरी मैदान में लोकमाता देवी अहिल्याबाई होलकर की 300वीं जयंती के अवसर पर “महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन” को संबोधित करेंगे। आयोजन की तैयारियां पूरी कर ली गयी हैं और मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव तथा प्रदेश भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा ने शाम को कार्यक्रमस्थल का निरीक्षण किया।
श्री मोदी दिन में लगभग ग्यारह बजकर पंद्रह मिनट पर विशेष विमान से यहां राजा भोज हवाईअड्डा पहुंचने के बाद कार्यक्रम स्थल जंबूरी मैदान जाएंगे। श्री मोदी “लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन” में भाग लेंगे। प्रधानमंत्री कई विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास करने के साथ ही समारोह को संबोधित करेंगे।
आधिकारिक सूत्रों के अनुसार श्री मोदी “लोकमाता देवी अहिल्याबाई महिला सशक्तिकरण महासम्मेलन” में शामिल होने के साथ ही लोकमाता देवी अहिल्याबाई को समर्पित एक “स्मारक डाक टिकट” और एक विशेष “सिक्का” भी जारी करेंगे। तीन सौ रुपये के सिक्के पर अहिल्याबाई होलकर का चित्र होगा। प्रधानमंत्री जनजातीय, लोक और पारंपरिक कलाओं में योगदान के लिए एक महिला कलाकार को “राष्ट्रीय देवी अहिल्याबाई पुरस्कार” भी प्रदान करेंगे।
श्री मोदी उज्जैन में आगामी “सिंहस्थ महाकुंभ 2028” से संबंधित क्षिप्रा नदी पर 860 करोड़ रुपये से अधिक के घाट निर्माण कार्यों की आधारशिला भोपाल से ही वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से रखेंगे। नदियों के जल प्रवाह को नियंत्रित करने के लिए बैराज, स्टॉप डैम और “वेंटेड कॉजवे” जैसे विभिन्न बुनियादी ढांचों का निर्माण किया जाएगा।
सूत्रों ने कहा कि अंतिम छोर तक हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए प्रधानमंत्री श्री मोदी मध्यप्रदेश के दतिया और सतना हवाईअड्डों का उद्घाटन करेंगे। शहरों में यात्रा के बुनियादी ढांचे को बेहतर बनाने की अपनी प्रतिबद्धता के अनुरूप श्री मोदी “इंदौर मेट्रो” की “यलो लाइन” के “सुपर प्रायोरिटी कॉरिडोर” पर भी यात्री सेवाओं का उद्घाटन करेंगे। इससे यातायात और प्रदूषण में कमी आने के साथ ही यात्रियों को आरामदायक यात्रा की सुविधा मिलेगी।
श्री मोदी 1,271 अटल ग्राम सुशासन भवनों के निर्माण के लिए 480 करोड़ रुपये से अधिक की पहली किस्त हस्तांतरित करेंगे। ये भवन ग्राम पंचायतों को स्थायी बुनियादी ढांचा प्रदान करेंगे, जिससे उन्हें प्रशासनिक कार्यों का प्रबंधन, बैठकों का आयोजन करने और रिकॉर्ड को अधिक कुशलता से बनाए रखने में सहायता मिलेगी।
श्री मोदी की यात्रा के मद्देनजर भोपाल के हवाईअड्डा क्षेत्र के साथ ही जंबूरी मैदान के आसपास सुरक्षा के काफी सख्त प्रबंध किए गए हैं। इस महासम्मेलन में पूरे राज्य से लगभग दो लाख महिलाओं को लाने का लक्ष्य रखा गया है। लगभग पांच हजार बसों की मदद से इन महिलाओं को कार्यक्रमस्थल पर लाने के प्रबंध किए गए हैं। इस वृहद आयोजन के लिए शहर में शनिवार को अनेक स्थानों पर यातायात व्यवस्था परिवर्तित की गयी है। गर्मी के बीच ही बारिश की आशंका के चलते कार्यक्रमस्थल पर विशेष पांडाल लगाए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर भव्य मंच भी बनाया गया है, जिसे श्री मोदी के साथ राज्यपाल मंगुभाई पटेल, मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष विष्णुदत्त शर्मा और कुछ चुनिंदा लोग ही साझा कर सकेंगे।
ऑपरेशन सिंदूर के बाद श्री मोदी पहली बार मध्यप्रदेश की यात्रा पर आ रहे हैं और यह कार्यक्रम मुख्य रूप से महिलाओं पर ही केंद्रित है। इसलिए श्री मोदी के भाषण को लेकर सभी में उत्सुकता देखी जा रही है।
इस बीच मुख्यमंत्री डॉ यादव ने कार्यक्रमस्थल का निरीक्षण करने के बाद सोशल मीडिया के जरिए कहा, “भव्यता और दिव्यता के साथ लोकमाता देवी अहिल्याबाई जी होलकर को समर्पित यह महासम्मेलन मध्यप्रदेश की प्रगति यात्रा में नया अध्याय लिखेगा।” इसके पहले प्रदेश भाजपा कार्यालय में आयोजित भाजपा पदाधिकारियों की बैठक में श्री विष्णुदत्त शर्मा और डॉ यादव की मौजूदगी में श्री मोदी की यात्रा के संबंध में चर्चा की गयी। डॉ यादव ने कहा कि भोपाल पधार रहे श्री मोदी का वे राज्य की जनता की ओर से स्वागत और अभिनंदन करते हैं।
