सरिता विहार में सीसीटीवी लगाने वाले कर्मचारियों के साथ हुए हादसे में डंपर चालक गिरफ्तार

नयी दिल्ली, (वार्ता) दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के सरिता विहार इलाके में सीसीटीवी लगाने का काम कर रहे चार कर्मचारियों की जान लेने वाले डंपर चालक को पुलिस ने गिरफ्तार किया है।

पुलिस के मुताबिक डंपर कंपनी के मालिक से पूछताछ की जा रही है और वह मृतकों के परिवारों को 3-3 लाख रुपये और हादसे में घायल हुए दो लोगों को 1-1 लाख रुपये का मुआवजा देने के लिए सहमत हो गये हैं।

पुलिस ने बताया कि यह हादसा रविवार को तड़के 02.30 बजे से 03.00 बजे के बीच सरिता विहार में कालिंदी अस्पताल के पास हुआ, जब दिल्ली ट्रैफिक पुलिस की कैमरा-मेंटेनेंस टीम सड़क किनारे काम कर रही थी।

प्राथमिकी के अनुसार डंपर चालक कथित तौर पर लापरवाही से वाहन चला रहा था और उसने पीछे से पिकअप गाड़ी को टक्कर मारी। टक्कर के बाद गाड़ी आगे खड़े ऑटो-रिक्शा से टकरा गयी, जिससे पिकअप गाड़ी की लिफ्ट पर खड़े कर्मचारी नीचे गिर गये।

आरोपी चालक की पहचान उत्तर प्रदेश के एटा निवासी 42 वर्षीय विनोद कुमार के तौर पर हुई है। उसे गिरफ्तार कर लिया गया है; हादसे के बाद वह गाड़ी छोड़कर मौके से भाग गया था।

पुलिस ने आगे बताया कि डंपर के मालिक और ‘सागर भडाना एंड कंपनी’ के प्रोपराइटर, फरीदाबाद निवासी विकास भडाना को नोटिस भेजा गया है और उनसे पूछताछ की जा रही है।

अधिकारियों ने हादसे में मारे गये लोगों की पहचान उमेश (23), प्रवीण कुमार (35), सूरज सिंह (34) और आकाश (20) के तौर पर की है। घायलों में अनूप (26) और खेम सिंह (40) शामिल हैं। अधिकारियों ने बताया कि मृतक और घायल सभी लोग सीसीटीवी इंफ्रास्ट्रक्चर के रखरखाव या इंस्टॉलेशन में लगी टीम का हिस्सा थे। घायलों का अपोलो अस्पताल में मुफ्त इलाज चल रहा है। उन्होंने बताया कि मुआवजे के अलावा कंपनी घायलों के इलाज का खर्च उठाने के लिए भी सहमत हो गयी है। पुलिस ने बताया कि मोटर एक्सीडेंट क्लेम्स ट्रिब्यूनल के समक्ष मुआवजे का दावा करने के लिए कागजात भी तैयार किये जा रहे हैं।

सरिता विहार पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और आगे की जांच चल रही है।

 

Next Post

अंतिम रंग और आखिरी स्पर्श बाकी, झांकियों को संवारने में जुटे कलाकार

Tue Sep 22 , 2026
इंदौर: इंदौर एक बार फिर झांकियों के काफिले के स्वागत के लिए तैयार है. शहर में झांकियां निकलने की परंपरा को 103 साल से ज्यादा हो चुके हैं. एक रात निकलने वाली इन झांकियों की तैयारी महीनों पहले शुरू हो जाती है. इस दौरान कलाकार पुतलों के निर्माण, पेंटिंग, सजावट […]

You May Like