
छतरपुर। जिले के ईशानगर थाना क्षेत्र अंतर्गत पनौठा गांव के रगुनिया पुरवा में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां बेटे ने अपने ही पिता की लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी।
जानकारी के अनुसार, मृतक पंचू कुशवाहा पर उसके बेटे ने खेत पर ही हमला कर दिया। विवाद के दौरान आरोपी ने लाठी-डंडों से बेरहमी से मारपीट की, जिससे गंभीर चोटें लगने के कारण पिता की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। एडिशनल एसपी आदित्य पटले ने गुरुवार दोपहर 12 बजे मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश की जा रही है।
घटना के बाद क्षेत्र में सनसनी का माहौल है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और हत्या के कारणों का पता लगाया जा रहा है।
