ढाका, 20 मई (वार्ता) बंगलादेश की अंतरिम सरकार आगामी बजट में कम से कम 100 प्रकार की वस्तुओं पर आयात शुल्क में कमी करने की तैयारी कर रही है, ताकि अमेरिका द्वारा लगाए गए अतिरिक्त शुल्कों के बीच ट्रंप प्रशासन के साथ बातचीत के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जा सके।
बंगलादेश के मुख्य सलाहकार मुहम्मद यूनुस ने सोमवार को राष्ट्रीय राजस्व बोर्ड (एनबीआर) की बैठक में इससे संबंधित प्रस्ताव को मंजूरी प्रदान की। इस बैठक में वित्तीय सलाहकार, एनबीआर के अध्यक्ष तथा आयकर, मूल्य वर्धित कर (वैट) और सीमा शुल्क के वरिष्ठ अधिकारी शामिल हुए।
बैठक में मौजूद एक अधिकारी ने मीडिया को बताया कि अमेरिका से आयात की जाने वाली 100 वस्तुओं पर शून्य शुल्क का प्रस्ताव है, जिससे अमेरिका को फायदा होगा।
इन वस्तुओं में तेल, गैस, हथियार, लड़ाकू विमान के पुर्जे और मिसाइल जैसी लगभग 15-16 वस्तुएं भी शामिल हैं जिन्हें आमतौर पर केवल सरकार द्वारा या व्यापार घाटे को कम करने के लिए खरीदा जाता है।
अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि ऐसी सरकारी खरीद विशेष सौदों के तहत शुल्क छूट के साथ होती हैं, इसलिए इनसे राजस्व हानि का कोई जोखिम नहीं होता है।
वित्त सलाहकार सरकारी टेलीविजन पर आगामी वित्तीय वर्ष के लिए दो जून को एक अध्यादेश के रूप में बजट प्रस्तुत करेंगे। इसके बाद वैट और सीमा शुल्क के प्रावधान तुरंत प्रभावी हो जाएंगे।
सामान्य वर्षों की तरह, इस बार बजट पर संसद में चर्चा नहीं होगी क्योंकि वह भंग है। इसके बदले, सार्वजनिक चर्चा, टॉक शो और प्रतिक्रियाएं आने पर बजट में आवश्यक समायोजन किया जा सकता है, जिसे बाद में वित्त अधिनियम के रूप में अध्यादेश के तौर पर पारित किया जाएगा।
