जबलपुर: शेयर मार्केट में मुनाफे का लालच देकर 2 करोड 27 लाख रूपए की धोखाधड़ी किए जाने के मामले में श्रीनगर जम्मू कश्मीर एवंं यूपी से दबोचे गए साइबर ठगो की मंगलवार को रिमांड खत्म होने पर पुलिस ने उन्हें न्यायालय के समक्ष पेश किया जहां से उन्हें कोर्ट ने जेल भेज दिया है। पूछताछ में आरोपियों ने ठगी से जुड़े नेटवर्क को लेकर पुलिस को अहम जानकारियां दी है। साथ ही गिरोह से जुड़े नए नाम भी उगले है। जिसके आधार पर पुलिस की आगे की विवेचना चल रही है जिसमें नए खुलासे होने की उम्मीद है।
जानकारी के मुताबिक जबलपुर निवासी महिला ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात के द्वारा शेयर बाजार में निवेश कर प्रतिदिन 5 प्रतिशत रिटर्न और दीर्घकालिक निवेश पर 500 प्रतिशत तक रिटर्न देने का वाद किया एवं अल्पकालिक पूंजी लाभ और दीर्घकालिक पूंजी लाभ दोनों में निवेश कराने एवं शेयरों और सस्ते दर पर बल्क ट्रेडिंग में अच्छा मुनाफा दिलाने का वादा कर 2 करोड़ 27 लाख रुपये की धोखाधड़ी की गई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर पतासाजी शुरू की। इसके बाद मिले क्लू पर श्रीनगर जम्मू कश्मीर में दबिश देते हुये आरोपी नसीर एहमद शेख पिता अब्दुल अहद शेख 55 वर्ष निवासी बांदीपुर मस्जिद के पास थाना बांदीपुर गुरुरा अरगांव रोड जिला बांदीपुर जम्मू एंड कश्मीर एवं सहारनपुर उत्तर प्रदेश में दबिश देते हुये मोहम्मद अजहर पिता अब्दुल खालिक 25 वर्ष निवासी आजाद कॉलोनी गली नं. 10 सहारनपुर उप्र को गिरफ्तार कर शहर लाया गया था।
चंडीगढ़-दिल्ली में पुलिस देगी दबिश
आरोपियों को पुलिस रिमांड में लेकर हुई पूछताछ में यह बात सामने आई कि चंडीगढ़ और दिल्ली में एजेंंटों के बीच डील हुई थी। साथ ही सरगना पंजाब का था जिसके खाते में रकम भेजी गई थी। पकड़े गए आरोपियों द्वारा धोखाधड़ी की राशि में से 45 लाख रुपये की राशि अपने खाते में ट्रांसफर करवाकर अपने सरगना के खातों में हस्तांतरित की गई थी। अब पुलिस पंजाब, दिल्ली में भी छापेमारी की तैयारी में है।
ट्रांजेक्शन, नाम नामों से जुड रही कडिय़ा
पूछताछ में आरोपियों ने नए नाम बताये। इसके साथ ठगी की रकम जिन खातों में ट्रांसफर हुई है इसकी पड़ताल चल रही है। पुलिस की टीम ट्रांजेक्शन और नए नामों को लेकर कडिया जोडक़र आगे की जांच पड़ताल कर रही है। गिरोह मेें और कौन कौन शामिल है इसका भी पता लगाने का प्रयास कर रही है।
