इंदौर त्रासदी: कांग्रेस का प्रदेशव्यापी ‘वॉटर ऑडिट’ का ऐलान

भोपाल। इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पेयजल के कारण 23 नागरिकों की दुखद मौतों की घटना को गंभीरता से लेते हुए मध्य प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए पूरे प्रदेश के प्रत्येक वार्ड में “वॉटर ऑडिट” कराने का निर्णय लिया है।

इस पहल के तहत सोमवार को प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने भोपाल के दक्षिण-पश्चिम विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत बाणगंगा इलाके के वार्ड क्रमांक 25 का स्थल निरीक्षण किया। उनके साथ भोपाल शहर जिला कांग्रेस अध्यक्ष प्रवीण सक्सेना तथा नगर निगम में नेता प्रतिपक्ष शबीस्ता ज़की भी मौजूद रहीं। निरीक्षण के दौरान यह सामने आया कि पेयजल पाइपलाइन सीवर लाइन के समानांतर डाली गई है, जिससे नलों से कीड़े युक्त दूषित पानी आ रहा है।

इसके बाद नरेला विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 75 से 79 और नवाब कॉलोनी सहित अन्य इलाकों का भी निरीक्षण किया गया, जहां स्थानीय लोगों ने दूषित पानी की शिकायत की। इस अवसर पर नरेला विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी मनोज शुक्ला भी उपस्थित रहे।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि नागरिकों को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराना सरकार का दायित्व है, लेकिन भोपाल नगर निगम और भाजपा सरकार इस गंभीर जनस्वास्थ्य मुद्दे पर उदासीन बनी हुई है। उन्होंने कहा कि नागरिकों को स्वच्छ पेयजल मिलने तक कांग्रेस का संघर्ष जारी रहेगा।

Next Post

जल प्रदाय की शिकायतो में किसी तरह की लापरवाही न बरते: महापौर

Mon Jan 12 , 2026
रीवा। नगर निगम रीवा महापौर अजय मिश्रा ‘‘बाबा‘‘ द्वारा जलप्रदाय व्यवस्था की साप्ताहिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई. बीते एक सप्ताह में निगम द्वारा की गई समस्त कार्यवाहियों की विस्तार से समीक्षा की गई. महापौर ने दूषित पानी की शिकायतों, जल गुणवत्ता परीक्षण, टंकी सफाई, क्लोरीनेशन जांच एवं पाइपलाइन लीकेज […]

You May Like