ढाका, 04 फरवरी (वार्ता) बंगलादेश जमात-ए-इस्लामी के अमीर डॉ शफीकुर रहमान के ‘एक्स’ अकाउंट को कथित तौर पर हैक करने के आरोप में ढाका मेट्रोपॉलिटन पुलिस (डीएमपी) की जासूसी शाखा (डीबी) ने बंगभवन (राष्ट्रपति भवन) के एक अधिकारी को हिरासत में लिया है।
इस हैकिंग की वजह से देशव्यापी चुनावों से ठीक पहले बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
हिरासत में लिये गये व्यक्ति की पहचान राष्ट्रपति कार्यालय में सहायक प्रोग्रामर के रूप में कार्यरत मोहम्मद सरवर-ए-आलम के रूप में हुई है। डीबी ने उसे तीन फरवरी की देर रात राजरबाग पुलिस लाइन्स के पास सरकारी क्वार्टर से पकड़ा। उस पर आरोप है कि उसने जमात अमीर शफीकुर रहमान के उपकरण और अकाउंट का गलत इस्तेमाल कर विवादित पोस्ट डाले।
जांच अधिकारियों के अनुसार फिलहाल उससे पूछताछ जारी है और इसके बाद ही आगे की कार्रवाई तय होगी।
डीबी के अपर आयुक्त शफीकुल इस्लाम ने हिरासत की पुष्टि की।
जमात अमीर को शनिवार को उनके वेरीफाइड एक्स पेज से हुई पोस्ट के बाद आलोचना का सामना करना पड़ा। एक्स अकाउंट का इस्तेमाल महिलाओं के खिलाफ अपमानजनक संदेश के लिए इस्तेमाल किया गया था। इसमें लिखा था, “हम मानते हैं कि जब महिलाओं को आधुनिकता के नाम पर घर से बाहर जाने दिया जाता है तो वे शोषण, नैतिक पतन और असुरक्षा का सामना करती हैं। यह और कुछ नहीं, वेश्यावृत्ति का एक रूप है।”
कामकाजी महिलाओं की तुलना वेश्याओं से करने वाले जमात अमीर की पोस्ट की राजनीतिक कार्यकर्ताओं, नागरिक समाज समूहों और छात्र संगठनों ने कड़ी निंदा की। इनमें से कई ने सार्वजनिक माफी की मांग करते हुए प्रदर्शन किये।
प्रतिद्वंद्वी बंगलादेश नेशनलिस्ट पार्टी (बीएनपी) के शीर्ष नेताओं ने कहा कि जमात अमीर ने कार्यरत महिलाओं का घोर अपमान किया है। कई फेसबुक उपयोगकर्ताओं ने उनकी आलोचना की, जबकि अधिकतर शहरों में छात्र-समूह उग्र हो गये और जमात अमीर से माफी की मांग की। बाद में उन्होंने ऐसी कोई पोस्ट करने से इनकार कर दिया।
दक्षिणपंथी इस्लामी पार्टी का दावा है कि फरवरी की शुरुआत से ही उनका अकाउंट हैक है। आरोप है कि पार्टी के बड़े नेताओं के वेरीफाइड सोशल मीडिया अकाउंट्स पर अक्सर ऐसे साइबर हमले हो रहे हैं।
जांच के दौरान डीबी अधिकारियों ने राजरबाग के पास सरकारी क्वार्टर पर छापा मारा, ताकि इस साइबर घुसपैठ में शामिल लोगों की पहचान की जा सके।
हिरासत की खबर सामने आने के बाद रहमान ने अपने वेरीफाइड फेसबुक पेज पर लिखा कि कानून प्रवर्तन ने उनके एक्स अकाउंट की हैकिंग में कथित रूप से शामिल व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है। रहमान ने कहा, “मुझे उम्मीद है कि अब न्याय होगा। यदि साइबर अपराधों को नियंत्रित करना है और चुनावों को निष्पक्षता से संचालित करना है तो ऐसी कानूनी कार्रवाई आवश्यक है।”
