
100 रुपए के नोटों के बदले मांगे थे 500 के नोट
सेंटर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ आरोपी
भोपाल, 12 जनवरी. गौतम नगर स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर के काउंटर पर बैठी युवती को शातिर जालसाज ने 5 हजार रुपए की चपत लगा दी. आरोपी 100 रुपए के नोटों के बदले 500 रुपए के नोट मांगे थे. बाद में वह युवती को झांसा देकर पांच हजार की चपत लगाकर गायब हो गया. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर लिया है. आरोपी सेंटर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुआ है, जिसके आधार पर उसकी तलाश की जा रही है. जानकारी के अनुसार रुचि कुशवाहा (27) ग्रीनपार्क कालोनी, डीआईजी बंगला स्थित एक डायग्नोस्टिक सेंटर पर काम करती हैं. बीती आठ जनवरी की दोपहर करीब एक बजे वह काउंटर पर बैठी हुई थी, तभी एक युवक उनके पास पहुंचा. युवक ने बताया कि उसके पास 100 रुपये के नोटों की गड्डी है, लेकिन उसे बड़े नोटों की जरूरत है. उसने बोला कि यह रुपये लेकर आप 500 रुपये वाले नोट दे दीजिए. रुचि ने उसकी जरूरत को देखते हुए सौ रुपये वाले नोटों की गड्डी ले ली और काउंटर से पांच सौ रुपये के बीस नोट निकालकर उसे दे दिए. गड्डी लेने के बाद रुचि ने जब रुपये गिने तो उसके अंदर एक नोट कम निकला. रुचि ने युवक को बताया कि गड्डी में एक नोट कम है तो उसने बोला कि आप दोबारा से गिन लीजिए, नोट पूरे निकलेंगे. हेराफेरी कर गायब किए 5 हजार रुचि कुशवाह नोटों की गड्डी दोबारा से गिनने लगी तो युवक कहने लगा कि हमने आपको सभी नए नोट दिए हैं, जबकि आपने मुझे पुराने नोट थमा दिए. इतना कहते हुए उसने बोला कि आप रहने दीजिए. मुझे मेरी गड्डी दे दीजिए और आप अपने नोट वापस ले लीजिए. यह कहते हुए उसने रुचि से गड्डी ले ली और उनके नोट वापस कर दिए. रुच ने पांच सौ रुपये के नोट गिने तो वह पांच हजार ही निकले. युवक ने हेराफेरी करते हुए पांच हजार रुपये गायब कर दिए थे. गड्डी लेने के बाद युवक तेजी के साथ वहां से निकल गया. वह काउंटर से निकलकर बाहर आई तो युवक गायब हो चुका था. फुटेज के आधार पर तलाश शुरू घटना की जानकारी रुचि ने सेंटर के संचालक को दी और शनिवार को थाने जाकर मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई. सेंटर पर लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी जालसाज कैद हुआ है. इसी फुटेज के आधार पर पुलिस उसकी तलाश कर रही है. पुलिस का दावा है कि आरोपी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
